Page Loader
कोरोना वायरस: मुरथल के मशहूर 'सुखदेव ढाबे' के 71 कर्मचारी संक्रमित, 'गरम-धरम' के 10 लोग पॉजिटिव

कोरोना वायरस: मुरथल के मशहूर 'सुखदेव ढाबे' के 71 कर्मचारी संक्रमित, 'गरम-धरम' के 10 लोग पॉजिटिव

Sep 03, 2020
07:25 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को सोनीपत में दिल्ली से सटे मुरथल के मशहूर ढाबे- सुखदेव ढाबा और गरम-धरम ढाबा- इसके घेरे में आ गए। सुखदेव ढाबे पर काम करने वाले कुल 71 कर्मचारियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं गरम-धरम ढाबे पर काम करने वाले 10 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। फिलहाल कोरोना के लक्षण नजर नहीं आने पर कर्मचारियों को होम क्वारंटाइन किया गया है।

कार्रवाई

दो दिन के लिए बंद किए गए ढाबे

दोनों ढाबे के 81 कर्मचारियों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। उपखंड अधिकारी विजय सिंह मौके पर पहुंचकर एहतियात के तौर पर ढाबों को दो दिन के लिए बंद कर दिया है। इसके अलावा अब ढाबों में सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जा रहा है। उप सिविल सर्जन और नोडल अधिकारी डॉ गीता दहिया ने बताया कि सुखदेव ढाबे के 319 कर्मचारियों के नमूने लिए गए थे। जिसमें 71 के संक्रमण की पुष्टि हुई है।

जानकारी

उपखंड अधिकारी के निर्देश पर चलाया जा रहा है अभियान

डॉ दहिया ने बताया उपखंड अधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र के होटल और ढाबों पर काम करने वाले कर्मचारियों की कोरोना जांच का अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को ढाबा संचालक अमरीक सिंह ने भी खुद के कर्मचारियों की जांच का आग्रह किया था।

बयान

बिहार से वापस आए हैं 100 कर्मचारी

दैनिक जागरण के अनुसार सुखदेव ढाबे के संचालक अमरीक सिंह ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले बिहार में बस भेजकर करीब 100 कर्मचारियों वापस बुलाया था। ये सभी कर्मचारी पहले यहीं काम करते थे, लेकिन लॉकडाउन के दौरान अपने घर लौट गए थे। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को वापस बुलाने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के नियमानुसार सभी की जांच कराने के लिए चिकित्सा विभाग को इसकी सूचना दी। सभी कर्मचारी ढाबे के साथ क्वार्टर में ठहरे हुए थे।

जानकारी

कर्मचारियों ने शुरू नहीं किया था काम

संचालक अमरीक सिंह ने बताया कि बिहार से आने वाले कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण के कोई भी लक्षण नहीं थे। राहत की बात यह है कि किसी भी कर्मचारी ने अभी काम करना शुरू नहीं किया था। फिलहाल ढाबे को सैनिटाइज कराया जा रहा है।

संक्रमण

हरियाणा में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति

हरियाणा में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 62,218 पर पहुंच गई है। इसी राज्य में अब तक 721 की मौत हो चुकी है और 54,875 लोग उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं। इसी तरह सोनीपत में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सोनीपत में बुधवार को पहलवान विनेश फौगाट के पति सोमबीर राठी सहित 191 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। विनेश फौगाट व कुश्ती कोच ओपी दहिया 28 अगस्त को संक्रमित पाए गए थे।