Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन सामने आए 35,551 नए मामले, 526 मरीजों की हुई मौत

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन सामने आए 35,551 नए मामले, 526 मरीजों की हुई मौत

Dec 03, 2020
10:39 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 35,551 नए मामले सामने आए और 526 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 95,34,965 हो गई है, वहीं 1,38,648 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 4,22,943 हो गई है। देश में पिछले कई दिन से सक्रिय मामलों की संख्या लगातार घट रही हैं।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

रिकवरी रेट में लगातार हो रहा है सुधार

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 40,726 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 89,73,373 हो गई है। ऐसे में देश की रिकवरी रेट बढ़कर 94.11 प्रतिशत पर पहुंच गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,11,698 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 14.35 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।

राज्यों के हालात

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 18,32,176 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 47,357 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 8,87,667 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 11,808 की मौत हुई है। इसी तरह 8,69,412 मामलों और 7,003 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और 7,84,747 मामलों और 11,733 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में स्थिति काबू में

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 3,350 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 111 मरीजों की मौत हुई। आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 663 लोगों को संक्रमित पाया गया और सात लोगों की मौत हुई। राज्य में पिछले कई दिन से 1,000 से कम नए मामले सामने आ रहे हैं। कर्नाटक में 1,440 और तमिलनाडु में 1,428 नए मामले सामने आए। इन सभी राज्यों में स्थिति काबू में बनी हुई है।

डाटा

दिल्ली में बीते दिन 3,944 नए मामले

देश की राजधानी दिल्ली में बीते दिन 3,944 नए मामले आए और 82 मरीजों ने दम तोड़ा। इसी के साथ शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 5,78,324 हो गई है, वहीं 9,342 मरीजों की मौत हुई है। टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 6.85 प्रतिशत पर बनी है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में अब तक 6.45 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 6.45 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 14.92 लाख की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 1.39 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और लगभग 2.73 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जो भारत से अधिक प्रभावित है। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 64.36 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.74 लाख मरीजों की मौत हुई है।