Page Loader
फोर्ब्स की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में 3 भारतीय कौन हैं?
निर्मला सीतारमण लगातार छठी बार फोर्ब्स की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में हुई शामिल

फोर्ब्स की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में 3 भारतीय कौन हैं?

Dec 13, 2024
11:54 am

क्या है खबर?

बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स ने साल 2024 के लिए दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की वार्षिक सूची जारी कर दी है। यह महिलाओं के संबंध में उसकी 21वीं सूची है। इस बार इसमें भारत की 3 महिलाएं शामिल हैं। सूची में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, HCL कॉर्पोरेशन की CEO रोशनी नादर मल्होत्रा और बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ शामिल हैं। फोर्ब्स ने पैसा, मीडिया, प्रभाव और प्रभाव के क्षेत्र आदि पैमानों के आधार पर रैंकिंग का निर्धारण किया है।

सफलता

निर्मला सीतारमण ने लगातार छठी बार सूची में बनाई जगह

फोर्ब्स की सूची में 65 वर्षीय केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने छठी बार जगह बनाई है। वह 28वें पायदान पर रही हैं। पिछले साल वह 32वें स्थान पर थीं और 4 पायदान ऊपर आई हैं। 2022 में उनको 36वां स्थान मिला था। सीतारमण 2019 से भारत की वित्त मंत्री और कॉरपोरेट मामलों की मंत्री हैं। वह 2017 से 2019 तक 28वीं रक्षा मंत्री भी रही हैं। वह इंदिरा गांधी के बाद दूसरी महिला रक्षा मंत्री और वित्त मंत्री है।

उपलबि

रोशनी नादर ने चौथी बार बनाई जगह

रोशनी नादर (43) HCL का नेतृत्व करने वाली पहली महिला हैं। ​​वह 81वें पायदान पर हैं। 2023 में वह 60वें, 2019 में 54वें और 2020 में 55वें स्थान पर रही थीं। बायोकॉन लिमिटेड की संस्थापक किरण (71) एक प्रमुख भारतीय अरबपति उद्यमी हैं। वह 82वें स्थान पर रही हैं। साल 2023 में 76वें और 2019 में 68वें स्थान पर थीं। बता दें, पिछले साल सूची में जगह बनाने वाली SAIL की पहली महिला अध्यक्ष सोमा मंडल इस बार चूक गईं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

फोर्ब्स अमेरिकी बिजनेस पत्रिका है, जो हर साल दुनिया की 100 ताकतवर महिलाओं की सूची जारी करती है। राजनीतिक नेताओं के लिए पत्रिका ने GDP और जनसंख्या, जबकि कॉर्पोरेट लीडर्स के लिए राजस्व, मूल्यांकन और कर्मचारियों की संख्या को मानक के रूप में लिया है।