Page Loader
केदारनाथ यात्रा के पैदल मार्ग में भूस्खलन से 3 श्रद्धालुओं की मौत, 2 अन्य घायल
केदारनाथ यात्रा मार्ग में भूस्खलन से 3 की मौत

केदारनाथ यात्रा के पैदल मार्ग में भूस्खलन से 3 श्रद्धालुओं की मौत, 2 अन्य घायल

Jul 21, 2024
11:27 am

क्या है खबर?

उत्तराखंड में बाबा केदारनाथ की यात्रा के पैदल मार्ग में बड़ा हादसा हुआ है। रुद्रप्रयाग जिले के चिरबासा के पास पैदल मार्ग में भूस्खलन होने के बाद मलबे में दबने से 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए। घायलों को रुद्रप्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंचे राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रबंधन बल (SDRF) ने यात्रा मार्ग से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है।

बयान

भूस्खलन के मलबे में दबे यात्री- रजवार

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि चिरबासा के पास पहाड़ी पर हुए भूस्खलन का मलब यात्रा मार्ग पर गिर गया। इसमें कई श्रद्धालु दब गए। अब तक 3 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 2 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि मलबे में अन्य यात्री भी दबे हो सकते हैं। NDRF और SDRF की टीमें तेजी से मलबे को हटाने में जुटी है। मलबे के कारण यात्रा काे रोक दिया गया है।

दुख

मुख्यमंत्री धामी ने हादसे पर जताया दुख

इस हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'केदारनाथ यात्रा मार्ग के पास पहाड़ी से मलबा व भारी पत्थर गिरने से कुछ यात्रियों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'