कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 22,842 नए मामले, एक बार फिर 250 से कम मौतें
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 22,842 नए मामले सामने आए और 244 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,38,13,903 हो गई है। इनमें से 4,48,817 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 2,70,557 रह गई है।
देश में पिछले कुछ महीनों में हालात बेहतर हुए हैं, लेकिन सरकार का कहना है कि दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए लगभग 26,000 मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 25,930 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,30,94,529 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.87 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,65,734 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 57.32 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 65,56,657 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,39,166 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 47,07,909 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 25,297 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 29,77,225 मामलों और 37,811 मौतों के साथ कर्नाटक और 26,66,964 मामलों और 35,627 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य है।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 2,696 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 49 मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह केरल में 13,217 लोगों को संक्रमित पाया गया और 121 मरीजों की मौत हुई। यहां बीते कई दिनों से देश में सर्वाधिक मरीज मिल रहे हैं।
कर्नाटक में 636 मामले सामने आए और 4 मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 1,578 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 24 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 90,51,75,348 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 73,76,846 खुराकें लगाई गईं। धीरे-धीरे वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ रहा है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 23.46 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 23.46 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 47.96 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 4.37 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 7.01 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.15 करोड़ संक्रमितों में से 5.98 लाख मरीजों की मौत हुई है।