Page Loader
कोरोना: देश में बीते दिन मिले 16,577 नए मरीज, महाराष्ट्र में 8,500 से ज्यादा मामले

कोरोना: देश में बीते दिन मिले 16,577 नए मरीज, महाराष्ट्र में 8,500 से ज्यादा मामले

Feb 26, 2021
10:14 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 16,577 नए मामले सामने आए और 120 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,10,63,491 हो गई है। इनमें से 1,56,825 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,55,986 हो गई है। गुरुवार से सक्रिय मामलों में तेज इजाफा देखा जा रहा है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन 12,000 से अधिक मरीज हुए ठीक

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,179 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,07,50,680 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.17 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 8,31,807 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 21.46 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

अगर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 21,29,821 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 51,993 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 10,48,686 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,150 मौतें हुई हैं। 9,49,636 मामलों और 12,316 मौतों के साथ कर्नाटक और 8,89,585 मामलों और 7,168 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 8,702 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 56 मरीजों की मौत हुई। संक्रमण की तेज रफ्तार के कारण राज्य में स्थिति खराब हो रही है। इसी तरह केरल में बीते दिन 3,677 लोगों को संक्रमित पाया गया और 14 मरीजों की मौत हुई। आंध्र प्रदेश में 82 नए मामले सामने आए और कोई मौत नहीं हुई, वहीं कर्नाटक में 453 मामले सामने आए और सात लोगों की मौत हुई।

डाटा

अब तक वैक्सीन की 1.30 करोड़ खुराकें दी गईं

वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक कोरोना वैक्सीन की 1,30,66,047 खुराक लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 3,94,884 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जा रही है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 11.29 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 11.29 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 25.07 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.84 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.08 लाख लोगों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में केवल अमेरिका भारत से आगे है। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 1.03 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 2.51 लाख से अधिक मरीजों की मौत हुई है।