Loading...
'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' के सीक्वल पर जोया अख्तर की मुहर, बोलीं- काम शुरू हो चुका
'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा 2' की हुई पुष्टि

'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' के सीक्वल पर जोया अख्तर की मुहर, बोलीं- काम शुरू हो चुका

Aug 18, 2026
10:29 am

क्या है खबर?

निर्देशक जोया अख्तर ने अपनी प्रशंसित फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' के सीक्वल पर मुहर लगा दी है। उनकी पुष्टि ने उन फैंस को उत्साहित कर दिया है, जो फिल्म के सीक्वल का लंबे समय से इंतजार करते आ रहे थे। जोया ने अपने बयान में बताया कि वह ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल अभिनीत इस फिल्म के सीक्वल पर काम कर रही हैं। इससे पहले, जोया ने कहा था कि जब सीक्वल बनेगी, तब घोषणा की जाएगी।

पुष्टि

15 साल बाद 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा 2' पर शुरू हुआ काम

मॉनसून फिल्म फेस्टिवल के दौरान, द हॉलीवुड रिपोर्टर से बातचीत में जोया ने कहा, "हम इस पर काम कर रहे हैं। हमें नहीं पता कि क्या होगा और क्या नहीं... क्या हम कभी ऐसी स्थिति में पहुंच पाएंगे जहां इन किरदारों से आज के समय में मिलना सही लगे। लेकिन यह अच्छा होगा।"

जोया ने स्पष्ट किया कि फिल्म तभी आगे बढ़ेगी जब कहानी किरदारों की जिंदगी के इस पड़ाव के लिए उपयुक्त लगेगी।

फिल्म

'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' के बारे में जानिए

2011 में रिलीज 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' बॉलीवुड की कल्ट फिल्मों में से एक है। ऋतिक, फरहान और अभय ने इसमें अर्जुन, इमरान और कबीर नाम के 3 दोस्तों का किरदार निभाया था।

तीनों मिलकर स्पेन की एक रोमांचक ट्रिप पर जाते हैं, जहां पहुंचकर उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आता है। इसकी कहानी वर्तमान में खुलकर जीने की एक आत्म-खोज यात्रा को दर्शाती है।

फिल्म में कैटरीना कैफ, कल्कि कोचलिन और नसीरुद्दीन शाह भी अहम किरदारों में शामिल थे।

ADVERTISEMENT