Page Loader
YRF से अलग हुए मानुषी छिल्लर, विशाल जेठवा और आन्या सिंह, एजेंसी में आएंगे नए चेहरे
YRF से अलग हुए ये कलाकार

YRF से अलग हुए मानुषी छिल्लर, विशाल जेठवा और आन्या सिंह, एजेंसी में आएंगे नए चेहरे

Feb 11, 2023
11:03 am

क्या है खबर?

भारत की सबसे लोकप्रिय प्रोडक्शन कंपनियों में से एक यशराज फिल्म्स (YRF) कई दिनों से अपने कलाकारों की वजह से चर्चा में है। YRF अपने कलाकारों की टीम को बदलने की योजना बना रहा है। ऐसे में YRF टैलेंट मैनेजमेंट में कई नए कलाकार शामिल हो सकते हैं, जबकि कई कलाकारों की छुट्टी कर दी गई है। खबर है कि मानुषी छिल्लर, विशाल जेठवा और आन्या सिंह YRF से अलग हो गए हैं।

खबर

एजेंसी में बदलाव चाहती है YRF 

पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार YRF ने मानुषी छिल्लर, विशाल जेठवा और आन्या सिंह का एजेंसी से नाता तोड़ दिया है। सूत्रों की मानें तो एजेंसी फिलहाल कई बदलाव कर रही है। ऐसे में जहां इन सितारों का एजेंसी से अनुबंध खत्म कर दिया गया है, वहीं कंपनी जल्द ही 2023-24 के लिए नए चेहरों की घोषणा कर सकती है। YRF में हो रहे इन बदलावों पर फिल्म जगत के विशेषज्ञों की विशेष नजर है।

फिल्में

YRF की इन फिल्मों में नजर आए थे कलाकार

पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर ने पिछले साल YRF की फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में वह अक्षय कुमार के साथ नजर आई थीं। विशाल जेठवा ने 2019 में रानी मुखर्जी की फिल्म 'मर्दानी 2' से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में वह एक सीरियल किलर और रेपिस्ट के किरदार में नजर आए थे। आन्या सिंह ने 2017 की फिल्म 'कैदी बैंड' में पहली बार मुख्य भूमिका निभाई थी।

रणवीर परिणीति

YRF से अलग हो चुके हैं रणवीर और परिणीति

पिछले साल नवंबर में खबर आई थी कि रणवीर सिंह यशराज फिल्म्स टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी से अलग हो गए हैं। करीब 12 साल तक YRF से जुड़े रहने के बाद वह इससे अलग हुए थे। हालांकि, कुछ समय पहले ही उनका YRF स्टूडियो से निकलते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद कयास लग रहे थे कि वह फिर से YRF से हाथ मिला रहे हैं। कुछ समय पहले ही अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा भी YRF से अलग हुई थीं।

लॉन्च

YRF से डेब्यू कर आज शीर्ष पर हैं ये कलाकार

YRF बॉलीवुड में कई सितारों को लॉन्च कर चुका है जो आज फिल्म जगत में शीर्ष स्थानों पर मौजूद हैं। अनुष्का शर्मा ने YRF की फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' से 2008 में बॉलीवुड में डेब्यू किया था। रणवीर सिंह ने 2010 में 'बैंड बाजा बारात' से फिल्मों में कदम रखा। YRF ने ही अर्जुन कपूर और परिणीति को 'इशकजादे' से लॉन्च किया था। भूमि पेडनेकर ने भी यशराज की 'दम लगाके हइशा' से पर्दे पर कदम रखा था।