यूट्यूबर गौरव तनेजा की चार साल की बेटी को मिली धमकी, शिकायत दर्ज
क्या है खबर?
चर्चित यू-ट्यूबर गौरव तनेजा उर्फ 'फ्लाइंग बीस्ट' बीते दिनों मेट्रो स्टेशन पर अपना जन्मदिन मनाने को लेकर विवादों में रहे थे।
गुरुवार को गौरव ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उन्हें उनकी बेटी के लिए एक धमकी भरा कॉल आया है।
बता दें कि गौरव की बेटी चार साल की है।
गौरव को गुरुवार सुबह यह धमकी भरा कॉल आया। उन्होंने दिल्ली पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करा दी है। उन्होंने ट्विटर पर इसकी एक कॉपी भी शेयर की।
ट्विटर पोस्ट
ट्वीट में गौरव ने दी जानकारी
Received a threat call against our 4 yr old daughter.
— Gaurav Taneja (@flyingbeast320) July 28, 2022
Police complaint registered.@DelhiPolice @HMOIndia pic.twitter.com/FobjcwjLMd
गिरफ्तारी
मेट्रो स्टेशन पर बर्थडे मनाने के लिए हुए थे गिरफ्तार
इस महीने की शुरुआत में गौरव की विवादित बर्थडे पार्टी चर्चा में रही। गौरव की पत्नी रितु राठी ने गौरव के लिए नोएडा सेक्टर 51 मेट्रो स्टेशन पर सरप्राइज बर्थडे पार्टी का आयोजन किया था।
इस चक्कर में मेट्रो स्टेशन पर प्रशंसकों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।
इसके बाद गौरव को धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
बयान
तनाव भरी थी गिरफ्तारी- गौरव
हिन्दुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार गौरव ने बताया कि यह गिरफ्तारी उनके लिए काफी तनाव भरी थी। सरप्राइज होने की वजह से उन्हें कुछ पता नहीं था। लॉकअप में वह पुलिसकर्मियों से विनती कर रहे थे कि उन्हें पत्नी से बात करने दी जाए।
गौरव ने कहा, "इससे फर्क नहीं पड़ता कि आपका कसूर क्या है, एक बार आप गिरफ्तार हो गए तो लोग आपके लिए राय बना लेते हैं कि आपने कोई बड़ा गुनाह कर दिया।"
यूट्यूब
इन यूट्यूब चैनलों को चलाते हैं गौरव और रितु
गौरव और उनकी पत्नी रितु एक साथ मिलकर 'फिटमसल टीवी', 'रसभरी के पापा' और 'फ्लाइंग बीस्ट' नामक तीन यूट्यूब चैनल चलाते हैं। इन यूट्यूब चैनलों से लाखों दर्शक जुड़े हुए हैं।
इन चैनलों में 'फ्लाइंग बीस्ट' की लोकप्रियता सबसे अधिक है। इस यूट्यूब चैनल को 70 लाख लोगों ने सब्सक्राइब कर रखा है।
गौरव अपने इन चैनलों के जरिए फिटनेस, पोषण, कॉमेडी और यात्रा से जुड़ी जानकारी शेयर करते रहते हैं।
परिचय
पायलट रह चुके हैं गौरव
36 वर्षीय गौरव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं। गौरव पूर्व में पायलट रह चुके हैं। वह फिटनेस ट्रेनर के तौर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं।
2015 में उनकी शादी रितु राठी से हुई थी। रितु भी पायलट रही हैं। स्टार प्लस के रियलिटी शो 'स्मार्ट जोड़ी' में भाग लेने के बाद इन दोनों को देशभर में लोकप्रियता मिली।
धर्म को लेकर अपने बयानों की वजह से गौरव अकसर विवादों में रहते हैं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
2019 में गौरव और उनकी पत्नी को सिंगापुर में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से मिलने का मौका मिला। यह मीटिंग गूगल ने आयोजित की थी। यह कपल कथित तौर पर एशिया प्रशांत क्षेत्र से आमंत्रित किए जाने वाले छह क्रिएटर्स में से एक था।