ऐश्वर्या की आंखों पर टिप्पणी कर बुरे फंसे महाराष्ट्र के मंत्री, महिला आयोग ने थमाया नोटिस
क्या है खबर?
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक मंत्री ने यह बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया है कि प्रतिदिन मछली खाने से अभिनेत्री ऐश्वर्या राय जैसी 'सुंदर आंखें' हो सकती हैं।
उनका यह वीडियो सोशल मीडया पर वायरल हो रहा है, जिस पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, वहीं अब इस विवादित टिप्पणी के चलते राज्य महिला आयोग ने मंत्री को नोटिस भेजा और उनसे इस बाबत स्पष्टीकरण मांगा है।
बयान
क्या बोले थे मंत्री जी?
महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार में आदिवासी मंत्री डॉक्टर विजय कुमार गावित ने अंतुरली इलाके में आदिवासी मछुआरों को संबोधित करते हुए कहा, "आपने ऐश्वर्या राय की आंखें देखी होंगी। वे कितनी खूबसूरत हैं। ऐश्वर्या मंगलौर के तटीय इलाके पर पलीं-बढ़ीं। वह हर दिन मछली खाती थीं, इसलिए उनकी आंखें खूबसूरत और चमकीली हैं।"
गावित बोले, "मछली खाने से औरतें और मर्द चिकने दिखने लगते हैं। उनकी आंखें चमकीली लगती हैं, जिन्हें कोई भी देख ले तो कायल हो जाए।"
नोटिस
3 दिन के अंदर मांगा राज्य महिला आयोग ने जवाब
इसी टिप्पणी पर अब राज्य महिला आयोग ने गावित को नोटिस भेजा है।
महिला आयोग की मुख्य रुपाली चाकणकर ने एक पत्र सोशल मीडिया पर साझा किया।
इसमें उन्होंने लिखा, 'आपने महिला के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की हैं, जिसके वीडियो वायरल हो रहे हैं। आपकी टिप्पणियों से लोगों को आपत्ति है। जन प्रतिनिधियों को टिप्पणियां करते वक्त सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि ये समाज को प्रभावित करते हैं। आप अपना स्पष्टीकरण 3 दिन में राज्य महिला आयोग के समक्ष प्रस्तुत करें।'
निशाना
मंत्री के बयान पर विपक्ष का हमला
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक अमोल मिटकारी ने कहा कि मंत्री को इस तरह की ओछी टिप्पणियां करने के बजाय आदिवासियों के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था।
भाजपा विधायक नितेश राणे ने कहा, "मैं रोज मछली खाता हूं। मेरी आंखें ऐश्वर्या जैसी हो जानी चाहिए थीं। मैं गावित साहब से पूछूंगा कि क्या इस पर कोई शोध है?"
गावित अपने इस बयान के बाद से लगातार चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर भी विवाद होने लगा है।
स्पष्टीकरण
विवाद बढ़ता देख मंत्री ने दिया स्पष्टीकरण
विवाद के बाद गावित ने कहा, "मैं आदिवासियों को संबोधित कर रहा था, इसलिए उन्हें एक आदर्श उदाहरण देना बेहद जरूरी था। मीडिया ने इसका कुछ और मतलब निकला लिया। मेरी भी बेटियां हैं और ऐश्वर्या मेरी बेटी जैसी हैं।"
उन्होंने कहा, "वह एक समझदार महिला हैं और समझती होंगी कि मछली के तेल के फायदे समझाना आसान नहीं है। अरब सागर की मछलियां ओमेगा-3 का समृद्ध स्रोत हैं, जो सूखी आंखों, ग्लूकोमा और समग्र स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।"
जानकारी
उत्तरी महाराष्ट्र के प्रभावशाली आदिवासी नेता माने जाते हैं गावित
गावित आदिवासी मछुआरों को मछली पकड़ने की सामग्री बांटने गए थे, इसी दौरान उन्होंने ये टिप्पणियां कीं। 68 वर्षीय गावित नंदुरबार जिले से भाजपा विधायक हैं। वह उत्तरी महाराष्ट्र के एक प्रभावशाली आदिवासी नेता माने जाते हैं। उनकी बेटी हीना भाजपा की लोकसभा सदस्य हैं।