Page Loader
सलमान खान के पिता सलीम खान को महिला ने दी धमकी, कहा- लॉरेंस को बताऊं क्या?
सलमान खान के पिता सलीम खान को किसने दी धमकी (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@salimkhanfans)

सलमान खान के पिता सलीम खान को महिला ने दी धमकी, कहा- लॉरेंस को बताऊं क्या?

Sep 19, 2024
12:32 pm

क्या है खबर?

सलमान खान के पिता सलीम खान को फिर धमकी मिली है। वह रोज की तरह 18 सितंबर को सुबह टहल रहे थे। सलीम बेंच पर बैठे हुए थे। उसी समय गैलेक्सी की तरफ से स्कूटी पर एक आदमी जा रहा था और उसके पीछे एक बुर्का पहने महिला बैठी थी। महिला ने सलीम को धमकी दी और वहां से रफू चक्कर हो गई। आइए पूरी खबर जानते हैं।

धमकी

"सही से रहो वरना...."

सलमान के परिवार को बिश्नोई गैंग ने फिर डराने की कोशिश की है। महिला ने सलीम से कहा, "सही से रहो वरना लॉरेंस बिश्नोई को भेजूं क्या।" इस मामले में बांद्रा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार भी किया है। सलीम मुंबई में जुहू इलाके में परिवार संग गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते हैं। सलमान अभी शहर में नहीं हैं। बीती रात उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच मुंबई एयरपोर्ट पर देखा गया था।

फायरिंग

सलमान के घर के बाहर 14 अप्रैल को हुई थी गोलीबारी

सलमान के मुंबई स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर 14 अप्रैल की सुबह गोलीबारी हुई थी। गोलीबारी करने वाले बाइक से आए थे। उन्होंने सलमान के घर के बाहर 5 राउंड फायरिंग की और भाग गए। 2 दिन बाद मुंबई पुलिस ने आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार किया था। मामले में पुलिस ने अब तक लॉरेंस समेत 9 लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें से अब तक 6 की गिरफ्तारी हो चुकी है।

धमकियां

कई सालों से सलमान और उनके परिवार के पीछे पड़ा है बिश्नोई गैंग

पिछले कई सालों से बिश्नोई गैंग सलमान और उनके परिवार पर हमला करने की फिराक में है। बिश्नोई और भारत-कनाडा से वांटेड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने कई दफा सलमान को मारने का ऐलान किया है। मुंबई में सलमान पर हमले के लिए अपने शूटर भेजे थे। लॉरेंस का खास गैंगस्टर संपत नेहरा 2018 में गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी करने आया था। हालांकि, हमले को अंजाम देने से पहले हरियाणा पुलिस ने नेहरा को गिरफ्तार कर लिया था।

बेक

लॉरेंस और सलमान के बीच विवाद की वजह क्या है?

1998 से सलमान और लॉरेंस के बीच का विवाद चल रहा है। उसी साल अभिनेता का नाम काले हिरण शिकार मामले में आया था। तभी से बिश्नोई समाज के बीच सलमान का विरोध जारी है। लॉरेंस के मुताबिक, उनके समाज में हिरण को भगवान समान मानते हैं। काले हिरण की पूजा होती है। जब सलमान का नाम काले हिरण शिकार मामले में आया तो लॉरेंस ने सलमान को धमकी देनी शुरू कर दी।