Page Loader
क्या एकता कपूर के शो के साथ टीवी पर वापसी करेंगी मंदिरा बेदी?
एकता के शो के साथ वापसी करेंगी मंदिरा (तस्वीर- इंस्टा/@mandirabedi)

क्या एकता कपूर के शो के साथ टीवी पर वापसी करेंगी मंदिरा बेदी?

Jul 12, 2022
06:58 pm

क्या है खबर?

मंदिरा बेदी टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। पिछले साल ही उनके पति राज कौशल का दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हुआ था। पति के निधन के बाद अभिनेत्री मंदिरा टूट-सी गई थीं। अब धीरे-धीरे उनकी जिंदगी पटरी पर लौट रही है। इसी बीच चर्चा चल रही है कि वह टीवी के पर्दे पर अपनी वापसी करने वाली हैं। खबरों की मानें तो वह एकता कपूर के टीवी शो में नजर आएंगी।

रिपोर्ट

शो का शीर्षक रखा गया 'संसार'

समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, मंदिरा एकता के आगामी फैमिली ड्रामा शो में नजर आ सकती हैं। अस्थायी रूप से शो का शीर्षक 'संसार' रखा गया है। 1994 में आई करिश्मा कपूर और गोविंदा की फिल्म 'राजा बाबू' की तर्ज पर इस शो का निर्माण किया जाएगा। एक सूत्र ने बताया कि मंदिरा इस शो की स्टारकास्ट में शामिल हो गई हैं। हालांकि, अभी इस प्रोजेक्ट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।

भूमिका

निगेटिव लीड रोल निभाएंगी मंदिरा

एक सूत्र ने कहा, "शो में निगेटिव लीड रोल निभाने के लिए मेकर्स ने मंदिरा को फाइनल कर लिया है। वह इसमें एक महत्वपूर्ण किरदार निभाएंगी। अभिनेत्री एक बिजनेस टाइकून और फीमेल लीड की मां के तौर पर नजर आएंगी। वह एक पोजेसिव मां का किरदार अदा करेंगी।" रिपोर्ट की मानें तो अरुणा ईरानी और आलोक नाथ इस प्रोजेक्ट में मेल लीड के माता-पिता की भूमिका निभाएंगे। पर्ल वी पुरी मेल लीड किरदार में दिखाई देंगे।

निधन

पिछले साल 30 जून को मंदिरा के पति का हुआ था निधन

मंदिरा के पति राज के निधन के बाद इंडस्ट्री में शोक की लहर उमड़ पड़ी थी। पिछले साल 30 जून को उनका देहांत हुआ था। फिल्ममेकर ओनिर ने उनके निधन पर अपना दुख व्यक्त किया था। टिस्का चोपड़ा ने भी राज को श्रद्धांजलि दी थी। राज ने अपना करियर बतौर अभिनेता शुरू किया था। फिर उन्होंने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा। राज ने 'एंथनी कौन है', 'शादी का लड्डू', 'प्यार में कभी कभी' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था।

करियर

ऐसा रहा मंदिरा का करियर

मंदिरा उन अभिनेत्रियों में शुमार हैं, जिन्होंने बॉलीवुड फिल्मों के अलावा छोटे पर्दे पर भी लंबे समय तक काम किया। वह एक शानदार टीवी प्रेजेंटर भी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1994 में डीडी नेशनल के सबसे चर्चित धारावाहिक 'शांति' से की थी। इसमें उनके किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया। एकता के मशहूर टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में भी मंदिरा नजर आ चुकी हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

सफल निर्माता होने के साथ-साथ एकता एक OTT प्लेटफॉर्म की मालिक हैं। ALT बालाजी पर उन्होंने हर तरह के दर्शकों के लिए कंटेंट बनाया है। 'कहानी घर घर की' और 'कसौटी जिंदगी की' जैसे लोकप्रिय सीरियल भी उन्होंने ही बनाए हैं।