जानिए आख़िर क्यों शुक्रवार को ही रिलीज़ होती है फिल्में
क्या है खबर?
आज के समय में शायद ही कोई व्यक्ति होगा, जिसे फिल्में देखना पसंद नहीं होगा। कई लोग फिल्में देखने के लिए किसी भी हद तक गुज़र जाते हैं।
यह बताने की ज़रूरत नहीं है कि कोई भी नई फिल्म शुक्रवार को ही बॉक्स ऑफ़िस पर रिलीज़ होती है। लेकिन शुक्रवार को ही फिल्में क्यों रिलीज़ होती हैं, इसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।
आज हम आपको इसके पीछे की वजह के बारे में बताएँगे।
शुरुआत
हॉलीवुड से आया है शुक्रवार के दिन फिल्में रिलीज़ होने का चलन
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शुक्रवार के दिन बॉक्स ऑफ़िस पर फिल्मों के रिलीज़ होने का सिलसिला बॉलीवुड में आज से नहीं बल्कि 1960 से चला आ रहा है।
कहा जाता है कि बॉलीवुड में यह चलन हॉलीवुड से आया है। दरअसल हॉलीवुड की मशहूर फिल्म 'गॉन विद द विंड' 15 दिसंबर, 1939 को शुक्रवार के दिन ही रिलीज़ हुई थी। उसके बाद से हॉलीवुड में हर फिल्म शुक्रवार को रिलीज़ होने लगी।
जानकारी
'गॉन विद द विंड' को मिले थे आठ श्रेणियों में ऑस्कर अवॉर्ड
आपको बता दें 'गॉन विद द विंड' एक रोमांटिक फिल्म थी, जिसमें अमेरिका के सिविल वॉर को दिखाया गया था। उस समय इस फिल्म को बेस्ट डायरेक्टर, फिल्म, स्क्रीनप्ले सहित कुछ आठ श्रेणियों में ऑस्कार अवॉर्ड मिला था।
फिल्म
बॉलीवुड में पहली बार मुगल-ए-आजम रिलीज़ हुई थी शुक्रवार को
बॉलीवुड में भारत की सबसे बड़ी और क्लासिकल फिल्म 'मुगल-ए-आजम' 5 अगस्त, 1960 को शुक्रवार के दिन रिलीज़ हुई थी।
बॉक्स ऑफ़िस पर इस फिल्म की सफलता ने सबको हैरान कर दिया। इसकी सफलता को देखते हुए बॉलीवुड में 'फिल्मी फ़्राईडे' का रिवाज शुरू हुआ और सभी फिल्में शुक्रवार को ही रिलीज़ होने लगीं।
वहीं कई लोगों का मानना है कि शुक्रवार, धन की देवी लक्ष्मी का होता है, जिससे इस दिन रिलीज़ होने वाली फिल्में ज़्यादा कमाई करती हैं।
आर्थिक कारण
शुक्रवार को फिल्में रिलीज़ होने से निर्माताओं को फ़ायदा
बॉलीवुड में शुक्रवार के दिन फिल्में रिलीज़ होने के पीछे एक बड़ा कारण यह भी बताया जाता है कि पहले मुंबई की ज़्यादातर कंपनियाँ शुक्रवार को आधे दिन के बाद कर्मचारियों को छुट्टी देती थीं।
इसके साथ ही शनिवार और रविवार की भी छुट्टी होने से लम्बा वीकेंड हो जाता था। इसलिए इस दिन फिल्में रिलीज़ करने से फिल्म निर्माताओं को ज़्यादा फ़ायदा होने लगा और हर शुक्रवार को बॉक्स ऑफ़िस पर फिल्में रिलीज़ होने का रिवाज शुरू हो गया।
जानकारी
स्क्रीनिंग के लिए शुक्रवार को देनी पड़ती है कम फीस
शुक्रवार के दिन फिल्में रिलीज़ होने के पीछे एक व्यावसायिक कारण यह भी माना जाता है कि फिल्म की स्क्रीनिंग फीस मल्टीप्लेक्स में शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के अन्य दिनों में ज़्यादा होती है।