Page Loader
तारा सुतारिया की 'अपूर्वा' से पहले देखिए ये क्राइम-थ्रिलर फिल्में, महिलाओं पर हैं केंद्रित 
बॉलीवुड की शानदार क्राइम-थ्रिलर फिल्में

तारा सुतारिया की 'अपूर्वा' से पहले देखिए ये क्राइम-थ्रिलर फिल्में, महिलाओं पर हैं केंद्रित 

लेखन मेघा
Nov 13, 2023
09:55 pm

क्या है खबर?

तारा सुतारिया इन दिनों अपनी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'अपूर्वा' को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। यह फिल्म 15 नवंबर को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आएगी, जिसमें तारा पहले कभी न देखे गए अवतार में दिखेंगी। निखिल भट्ट के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अभिषेक बनर्जी और राजपाल यादव भी शामिल हैं। इस क्राइम थ्रिलर की रिलीज से पहले हमने कुछ ऐसी ही फिल्मों की सूची तैयार की है, जो महिलाओं पर केंद्रित हैं। आइए उनके बारे में जानते हैं।

#1

'मर्दानी'

प्रदीप सरकार की फिल्म 'मर्दानी' के दो भाग आ चुके हैं और दोनों को ही दर्शकों ने पसंद किया है। 2014 में आए पहले भाग में रानी मुखर्जी पुलिस अफसर शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका में दिखीं, जो बाल तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी थीं। 2019 में आई 'मर्दानी 2' में शिवानी महिलाओं का बलात्कार कर हत्या करने वाले अपराधी को पकड़ती है। क्राइम और थ्रिलर से भरपूर ये दोनों फिल्में अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

#2

'बैंडिट क्वीन'

1996 में आई 'बैंडिट क्वीन' का निर्देशन शेखर कपूर ने किया था। इस फिल्म में सीमा बिस्वास मुख्य भूमिका में थीं। यह फिल्म फूलन देवी की जिंदगी पर बनी थी, जिन्होंने निचली जाति से ताल्लुक रखने की वजह से समाज में भेदभाव का सामना किया। इतना ही नहीं उनका अपहरण कर रेप किया गया। ऐसे में अपना बदला लेने के लिए डकैत बन गई। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो के साथ ही यूट्यूब पर भी देखी जा सकती है।

#3

'NH 10'

अनुष्का शर्मा अभिनीत फिल्म 'NH 10' उनकी बेहतरीन फिल्मों में शुमार है, जो 2015 में आई थी। फिल्म की कहानी मीरा (अनुष्का) और अर्जुन (नील भूपलम) की है, जो एक रोड ट्रिप पर जाते हुए गैंगस्टर सतबीर को ऑनर किलिंग करते हुए देख लेते हैं। इसके बाद दोनों मुसीबत में पड़ जाते हैं और अपनी जान बचाने के संघर्ष करते हैं। इस फिल्म को अमेजन प्राइम वीडियो, जियो सिनेमा और ZEE5 पर देखा जा सकता है।

#4

'मॉम'

श्रीदेवी की फिल्म 'मॉम' भी क्राइम और थ्रिलर से भरपूर है, जिसमें उनके साथ पाकिस्तानी अभिनेत्री सजल अली, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और अक्षय खन्ना नजर आए थे। इस फिल्म का कहानी एक बायोलॉजी शिक्षिका की है, जो अपनी सौतेली बेटी का रेप करने वालों को सजा दिलाने के लिए हर संभव कोशिश करने में जुटी हुई है। इसके लिए वह एक जासूस की भी मदद लेती है। इस फिल्म को नेटफ्लिक्स और ZEE5 पर देख सकते हैं।

#5

'नो वन किल्ड जेसिका'

'नो वन किल्ड जेसिका' की कहानी दिल्ली में हुए जेसिका लाल हत्या मामले से प्रेरित थी। इस फिल्म में विद्या बालन और रानी मुखर्जी मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म में विद्या ने जेसिका की बड़ी बहन सबरीना का किरदार निभाया था, जो अपनी बहन की हत्या करने वालों को सजा दिलाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाती है। इसमें रानी का किरदार उसकी मदद करता है। 2011 में आई इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।