Page Loader
विवेक अग्निहोत्री ने ठुकराया फिल्मफेयर का नामांकन, लगाए ये आरोप
विवेक अग्निहोत्री ने लगाए फिल्मफेयर पर आरोप (तस्वीर; ट्विटर/@vivekagnihotri)

विवेक अग्निहोत्री ने ठुकराया फिल्मफेयर का नामांकन, लगाए ये आरोप

Apr 27, 2023
11:56 am

क्या है खबर?

गुरुवार को 68वें फिल्मफेयर पुरस्कारों का ऐलान होने जा रहा है। इस बार सलमान खान और आयुष्मान खुराना शो को होस्ट करने वाले हैं। समारोह से पहले पुरस्कार के लिए नामांकित हुए कलाकारों और फिल्मों की चर्चा हो रही है। शो से ऐन पहले फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने फिल्मफेयर पर सवाल खड़े किए हैं। उनकी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' 7 श्रेणियों में नामांकित हुई थी, लेकिन इसके विरोध में उन्होंने इसमें हिस्सा लेने से मना कर दिया है।

खबर

मैं इस सिनेमा विरोधी पुरस्कारों में हिस्सा नहीं लूंगा- विवेक

विवेक अग्निहोत्री ने गुरुवार सुबह ट्विटर पर एक लंबे से पोस्ट में फिल्मफेयर की आलोचना करते हुए इसमें हिस्सा लेने से इंकार कर दिया। उन्होंने लिखा, 'मीडिया के द्वारा मुझे पता चला है कि मेरी फिल्म द कश्मीर फाइल्स को फिल्मफेयर में 7 श्रेणियों में नामांकन मिला है। मैं विनम्रता के साथ इन अनैतिक और सिनेमा विरोधी पुरस्कारों में हिस्सा लेने से इंकार करता हूं।' उन्होंने लिखा कि फिल्मफेयर के अनुसार, सितारों के अलावा किसी का कोई चेहरा नहीं है।

आरोप 

सिर्फ सितारों को चेहरा मानता है फिल्मफेयर- निर्देशक

उन्होंने लिखा कि फिल्मफेयर की अनैतिक और चापलूस दुनिया में संजय लीला भंसाली और सूरज बड़जात्या जैसे निर्देशकों का कोई चेहरा नहीं है। फिल्मफेयर के लिए भंसाली का चेहरा आलिया भट्ट हैं, बड़जात्या का चेहरा अमिताभ बच्चन हैं और अनीस बाज्मी का चेहरा कार्तिक आर्यन हैं। उन्होंने लिखा कि ऐसा नहीं है कि फिल्ममेकर्स का सम्मान इन पुरस्कारों से तय होता है, लेकिन यह अपमानजनक प्रक्रिया बंद होनी चाहिए। इन आरोपों के साथ उन्होंने पुरस्कार लेने से मना कर दिया।

प्रतिक्रिया 

फिल्म जगत के लोगों ने भी किया समर्थन

विवेक का ट्वीट आते ही यूजर्स इसपर अपनी प्रतिक्रिया देने लगे। कई लोगों ने उनका समर्थन किया और कहा कि यह एक पारिवारिक पुरस्कार समारोह है। लोगों ने 'दृश्यम 2' जैसी फिल्म को नामांकन न मिलने पर सवाल खड़े किए। फिल्म जगत के कई जानेमाने लोगों और क्रिटिक्स ने भी विवेक के इस फैसले का समर्थन किया है। इसके साथ ही लोगों ने एक बार फिर आलिया भट्ट के नामांकन पर सवाल उठाए।

ट्विटर पोस्ट

विवेक का बयान

विरोध

कई सितारे कर चुके हैं फिल्मफेयर का विरोध

68वें फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए 'द कश्मीर फाइल्स' को 'बेस्ट पिक्चर', 'बेस्ट एक्टर', 'बेस्ट डायरेक्टर', 'बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर', 'बेस्ट स्क्रीनप्ले', और 'बेस्ट एडिटिंग' जैसी श्रेणियों में नामांकन मिला है। विवेक से पहले भी कई कलाकार फिल्मफेयर का विरोध कर चुके हैं। पिछले साल समारोह में बुलाए जाने पर कंगना रनौत ने न सिर्फ जाने से मना किया था बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की थी। 2020 में मनोज मुंतशिर भी कभी इस समारोह में न जाने की बात कह चुके हैं।