विक्रांत मैसी ने इन फिल्मों से चखा सफलता का स्वाद, एक ने दिलाया नेशनल पुरस्कार
क्या है खबर?
अभिनेता विक्रांत मैसी को भला कौन नहीं जानता है? 3 अप्रैल को 38 साल के हो चुके अभिनेता ने कभी टीवी की दुनिया से अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश की थी। 'मिर्जापुर' (2018) वेब सीरीज ने उनके लिए बॉलीवुड की राह खोल दी। आज अभिनेता सिनेमा के वो सितारे बन चुके हैं, जिनकी फिल्मों का इंतजार उनके फैंस बेसब्री से करते हैं। नेशनल पुरस्कार हासिल कर चुके विक्रांत की ऐसी ही कुछ बेहतरीन फिल्मों पर डालिए एक नजर।
#1
'12वीं फेल'
साल 2023 में आई '12वीं फेल', विक्रांत के करियर की सबसे सफल फिल्म साबित हुई। विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में, उन्होंने असल जिंदगी के IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा की भूमिका निभाई है। फिल्म को IMDb पर 8.7 की रेटिंग से नवाजा गया है। यही नहीं, फिल्मफेयर क्रिटिक्स पुरस्कार जीत चुकी '12वीं फेल' के लिए विक्रांत को उनके करियर का पहला नेशनल पुरस्कार भी मिला। फिल्म में मेधा शंकर और प्रियांशु चटर्जी जैसे सितारे हैं।
#2 & #3
'हसीन दिलरूबा' और 'सेक्टर 36'
विक्रांत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाली फिल्मों में 'हसीन दिलरूबा' का नाम भी शामिल है, जिसमें तापसी पन्नू भी हैं।। 2024 में इसकी दूसरी किस्त 'फिर आई हसीन दिलरूबा' रिलीज हुई थी। नेटफ्लिक्स पर मौजूद दोनों ही फिल्मों को दर्शकों से खूब सराहना मिली है। हमेशा से हीरो बनकर अपनी पहचान बनाने वाले विक्रांत जब साइको विलेन बनकर पर्दे पर आए तो लोगों की रूह कांप उठी। 'सेक्टर 36' ऐसी ही फिल्म है जो नोएडा के निठारी हत्याकांड पर आधारित है।
#4 & #5
'द साबरमती रिपोर्ट' और 'अ डेथ इन द गंज'
2002 के गोधरा कांड की सच्ची घटनाओं पर आधारित 'द साबरमती रिपोर्ट' के जरिए विक्रांत ने एक बार फिर अपने दमदार अभिनय का प्रदर्शन किया। साल 2024 में रिलीज इस फिल्म में अभिनेत्री राशि खन्ना और रिद्धि डोगरा भी अहम किरदारों में हैं। वहीं कोंकणा सेन शर्मा द्वारा निर्देशित 'अ डेथ इन द गंज' में विक्रांत ने अपने सबसे मार्मिक अभिनय को पर्दे पर प्रस्तुत किया था। उन्होंने 'शुट्टू' नाम के एक शर्मीले और संवेदनशील युवक का किरदार निभाया है।