मीना कुमारी की आवाज की जादूगर और दिग्गज अभिनेत्री आशा सिंह जायसवाल का मुंबई में निधन
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और भारत की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट कही जाने वाली आशा सिंह जायसवाल का मुंबई में निधन हो गया। वाे 80 साल की थीं और पिछले करीब 3 महीनों से फेफड़ों के गंभीर संक्रमण से जूझ रही थीं। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसकों में शोक की लहर है। सिनेमा जगत की कई हस्तियों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
दुखद खबर
बेटे ने साझा किया मां के निधन का दुखद समाचार
आशा सिंह ने शुक्रवार, 22 अगस्त को शाम करीब साढ़े 7 बजे अंतिम सांस ली।
उनके निधन की दुखद खबर उनके बेटे आकाश भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर दी।
आकाश ने अपनी मां को याद कर उन्हें एक 'कर्मठ लोह-महिला' बताया और उनके प्रशंसकों व शुभचिंतकों से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की।
आशा का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को सुबह 10 बजे मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट पर किया गया।
पोस्ट
बेटे ने प्रशंसकों से की ये अपील
आकाश भारद्वाज ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपनी मां को याद किया।
उन्होंने लिखा कि उनकी मां के लिए उनका काम ही सब कुछ था और वे जीवनभर पूरी निष्ठा से काम में जुटी रहीं। आकाश ने प्रशंसकों से अपील की कि वो उनकी मां के कामों को जरूर देखें और याद रखें।
उन्होंने लिखा कि उनकी मां का मानना था कि मृत्यु पर दुख मनाने के बजाय जीवन और योगदान का आनंद महसूस करना चाहिए।
लोकप्रियता
मीना कुमारी की आवाज से पाई थी पहचान
आशा सिंह जायसवाल भारत की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट थीं, जिन्हें दिग्गज अभिनेत्री मीना कुमारी की आवाज की सटीक नकल के लिए खास पहचान मिली।
मिमिक्री के साथ उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स में शानदार अभिनय किया और जीवनभर सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी रहीं।
वो एक सफल उद्यमी भी थीं और अपनी कंपनी 'आशा इवेंट्स एंड फिल्म्स' के जरिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती थीं। अपने आखिरी दिनों तक आशा लगातार काम में सक्रिय रहीं।