Page Loader
'भेड़िया' की असफलता से निराश वरुण धवन, बोले - खुद को समेटकर आगे बढ़ना चाहिए
'भेड़िया' की असफलता पर बोले वरुण धवन (तस्वीर:ट्विटर/taran_adarsh)

'भेड़िया' की असफलता से निराश वरुण धवन, बोले - खुद को समेटकर आगे बढ़ना चाहिए

Jul 16, 2023
11:42 am

क्या है खबर?

साल 2022 बॉलीवुड के लिए निराश करने वाला रहा था। कई बड़ी फिल्मों को दर्शकों ने नकार दिया और वे सिनेमाघरों में संघर्ष करती नजर आईं। कई फिल्मों को सिनेमाघरों में दर्शक नहीं मिले, लेकिन OTT पर उन्हें खूब प्यार मिला। ऐसी ही एक फिल्म थी 'भेड़िया', जिसमें वरुण धवन मुख्य भूमिका में नजर आए थे। वरुण को इस फिल्म से काफी उम्मीदें थीं। अब उन्होंने इस फिल्म की असफलता और उसके प्रभाव पर अपनी बात कही है।

बयान 

'भेड़िया' की असफलता से निराश थे वरुण

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में वरुण ने 'भेड़िया' की असफलता पर बात की। उन्होंने कहा, "आप खुद को समेटते हैं और आगे बढ़ते हैं। आपको वापसी करनी पड़ती है, आप परेशान नहीं रह सकते हैं। कुछ वक्त लीजिए और फिर काम पर वापस आइए। भेड़िया से मेरी उम्मीदें बहुत बड़ी थीं, लेकिन हम उस दौर में आए थे। हालांकि, फिल्म को OTT पर काफी प्यार मिला। स्टूडियो ने मुझे सरप्राइज दिया कि इसका सीक्वल भी बनेगा।"

बयान 

बॉक्स ऑफिस के बुरे दौर पर यह बोले वरुण 

बॉक्स ऑफिस के बुरे दौर के बारे में वरुण ने कहा कि आज के दौर में फिल्म को एक भव्य अनुभव होना चाहिए। उन्होंने कहा, "आप अपने फोन में रील्स देख सकते हैं, जो बच्चे बना रहे हैं। अगर हमें दर्शकों को सिनेमाघरों में लाना है, या OTT पर भी लाना है, तो कंटेंट को बड़ा और दिलचस्प होना चाहिए। मैं अपने पिता (डेविड धवन) की फिल्में देखा करता था, जिसमें लोग बस हंसने के लिए फिल्म देखते थे।"

भेड़िया 

ऐसी थी 'भेड़िया'

वरुण धवन और कृति सैनन स्टारर 'भेड़िया' 25 नवंबर, 2022 को रिलीज हुई थी। फिल्म दिनेश विजान की हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा है। फिल्म में दीपक डोबरियाल और अभिषेक बनर्जी भी नजर आए थे। फिल्म एक बेहतरीन हॉरर-कॉमेडी है, जो प्रकृति के प्रति और उत्तर पूर्वी भारत के लोगों के साथ होने वाले भेदभाव के खिलाफ मजबूत संदेश देती है। लंबे इंतजार के बाद फिल्म जियो सिनेमा पर स्ट्रीम हुई थी।

बवाल

'बवाल' में नजर आएंगे वरुण

वरुण इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'बवाल' का प्रमोशन कर रहे हैं। नितेश तिवारी की इस फिल्म में वरुण जाह्नवी कपूर के साथ नजर आएंगे। फिल्म में वरुण और जाह्नवी लखनऊ से लेकर पेरिस तक रोमांस करते दिखेंगे। यह फिल्म 21 जुलाई को अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी। इसके अलावा वरुण अमेजन प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज 'सिटाडेल' का के भारतीय संस्करण का हिस्सा हैं। इस सीरीज को राज और डीके बना रहे हैं।