Loading...
टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले से भड़का AICWA, कलाकारों की सुरक्षा पर उठाए सवाल
AICWA ने हमलावरों के खिलाफ सख्ती की मांग की

टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले से भड़का AICWA, कलाकारों की सुरक्षा पर उठाए सवाल

Oct 19, 2026
11:12 am

क्या है खबर?

टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले में ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संगठन का कहना है कि इस घटना में अभिनेता की जान जा सकती थी, लेकिन सौभाग्य से वह बच गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए हमले पर दुख व्यक्त किया और महाराष्ट्र सरकार से हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। AICWA ने सरकार और पुलिस से ऐसी घटनाओं को रोकने में उनकी विफलता पर सवाल भी उठाया।

घटनाएं

AICWA ने पुराने मामलों पर भी प्रकाश डाला

AICWA ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि टाइगर पर हुए जानलेवा हमले से वह स्तब्ध और बेहद दुखी है, जिसमें एक व्यक्ति (अभिनेता का ड्राइवर) को गोली लगी।

संगठन के अनुसार, यह कोई अकेली घटना नहीं थी। उन्होंने बताया कि इससे पहले सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर गोलियां चलाई गईं, जबकि सैफ अली खान को उनके बांद्रा स्थित घर में चाकू मारा गया।

रोहित शेट्टी के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना पर भी प्रकाश डाला।

डर

जानबूझकर डर का माहौल बनाने की कोशिश- AICWA

संगठन ने लिखा, 'कपिल शर्मा के कैफे पर बार-बार हमले हुए। अब टाइगर पर गोली चलाई गई है। सिनेमा के कलाकारों को एक के बाद एक निशाना बनाया जा रहा है और जानबूझकर डर का माहौल बनाया जा रहा है। उनका मकसद साफ है कि गुंडे बॉलीवुड हस्तियों को डराना और उनसे पैसे वसूलना चाहते हैं। आज टाइगर श्रॉफ का नंबर है। अगला कौन होगा?'

उन्होंने सवाल उठाया कि मुंबई में जब कलाकार सुरक्षित नहीं, तो आम जनता कैसे होगी।

ADVERTISEMENT

मांग

बयानबाजी काफी नहीं, सुरक्षा भी दें- AICWA

उन्होंने लिखा, 'पहले के मामलों में गैंगस्टरों ने खुलेआम जिम्मेदारी ली है, फिर भी उनका गिरोह सक्रिय है। सिर्फ बयानबाजी काफी नहीं है। बॉलीवुड को असली सुरक्षा की जरूरत है।'

संगठन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, गिरफ्तारी, सुरक्षा और संरक्षण की मांग की। साथ ही, मुंबई के नागरिकों और फिल्म जगत का कानून-व्यवस्था पर भरोसा बहाल करने और हमलों को रोकने में बार-बार हुई विफलता के लिए जवाबदेही तय करने को कहा है।

ADVERTISEMENT