Page Loader
'टाइगर 3' सिनेमाघरों में तो 'पिप्पा' OTT पर, इस हफ्ते उठाएं इन फिल्मों का लुत्फ
इस हफ्ते देखिए 'टाइगर 3' समेत ये फिल्में

'टाइगर 3' सिनेमाघरों में तो 'पिप्पा' OTT पर, इस हफ्ते उठाएं इन फिल्मों का लुत्फ

Nov 09, 2023
08:30 pm

क्या है खबर?

फिल्मों के शौकीनों के लिए नवंबर का दूसरा हफ्ता धमाकेदार होने वाला है और अगर आप सिनेमाघरों में फिल्म देखना पसंद करते हैं तो 'सोने पे सुहागा'। दरअसल, इसी हफ्ते सलमान खान अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टाइगर 3' के साथ 'टाइगर' बनकर बड़े पर्दे पर दहाड़ लगाने वाले हैं। उनकी इस फिल्म के शोर-शराबे के बीच कुछ और फिल्में भी दर्शकों के बीच आ रही हैं। आइए एक नजर उन्हीं फिल्मों पर डालते हैं।

#1

'टाइगर 3'

शुरुआत 'टाइगर 3' से ही करते हैं, जो सोशल मीडिया पर आए दिन ट्रेंड कर रही है। सलमान के प्रशंसक तो उनकी इस फिल्म को लेकर कुछ ज्यादा ही उत्साहित हैं। फिल्म में उनके साथ-साथ कैटरीना कैफ भी खतरनाक स्टंट करती दिखेंगी। फिल्म के निर्देशक मनीष शर्मा हैं और निर्माता आदित्य चोपड़ा। इमरान हाशमी भी काफी चर्चा में हैं, जो इस फिल्म में विलेन बने हैं। 'टाइगर 3' 12 नवंबर को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाएगी।

#2

'पिप्पा'

ईशान खट्टर 10 नवंबर को अपनी फिल्म पिप्पा लेकर आ रहे हैं, जो अमेजन प्राइम वीडियाे पर आएगी। इस फिल्म में मृणाल ठाकुर ने भी अहम भूमिका निभाई है, जो फिल्म में ईशान की बहन बनी हैं। पिप्पा' की कहानी ब्रिगेडियर बलराम सिंह मेहता की किताब 'द बर्निंग चाफीज' पर आधारित है, जिसमें 1971 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध को दिखाया जाएगा। ईशान कैप्टन मेहता की भूमिका में हैं। फिल्म के निर्देशक राजा कृष्ण मेनन हैं।

#3

'घूमर'

अभिषेक बच्चन और सैयामी खेर की यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसे समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली, लेकिन बॉक्स ऑफिस की रेस में यह फिल्म फेल हो गई। अब 'घूमर' अपनी OTT रिलीज के लिए तैयार है। यह फिल्म ZEE5 पर दस्तक देगी। इसका प्रीमियर 10 नवंबर को होगा। 'घूमर' में शबाना आजमी और अंगद बेदी भी थे। इसमें सैयामी एक क्रिकेटर की भूमिका में थीं और अभिषेक उनके कोच के रूप में दिखाई दिए थे।

#4

'जिगरथंडा डबल एक्स'

कार्तिक सुब्बाराज की 'जिगरथंडा डबल एक्स' 10 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है। एसजे सूर्या और राघव लॉरेंस अभिनीत यह फिल्म हिंदी में भी रिलीज हाेने वाली है। 'जिगरथंडा डबल एक्स' की कहानी 1975 के दौर में बुनी गई है। यह एक फिल्म के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका निर्देशन रे दासन (एसजे सूर्या) ने किया है और इसमें पांडियन (राघव लॉरेंस) मुख्य भूमिका में हैं। हिंदी भाषी दर्शक भी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

जानकारी

'द मार्वल्स'

मार्वल्स की दुनिया के दीवानों के लिए यह हफ्ता रोमांच से भरपूर होगा। दरअसल, सुपरहीरो पर आधारित फिल्म 'द मार्वल्स' 10 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी। रयान फ्लेक के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी दुनिया को खतरों से बचाने के इर्द-गिर्द घूमती है।