Page Loader
जूनियर एनटीआर ने फिर बढ़ाया देश का मान, अकादमी की तरफ से मिला ये सम्मान
अकादमी के सदस्य बने जूनियर एनटीआर

जूनियर एनटीआर ने फिर बढ़ाया देश का मान, अकादमी की तरफ से मिला ये सम्मान

Oct 19, 2023
02:43 pm

क्या है खबर?

साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर फिल्म 'RRR' के बाद दुनियाभर में खूब नाम कमा चुके हैं। फिल्म में राम चरण के साथ उनके अभिनय की भी खूब तारीफ हुई है। फिल्म में उन पर फिल्माए गए गाने 'नाटू नाटू' को ऑस्कर भी मिल चुका है। बहरहाल, एनटीआर के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है, जिसके बाद उनके प्रशंसकों खुशी से झूम उठे हैं। दरअसल, अकादमी ने उन्हें अपने सदस्यों की सूची में शामिल कर दिया है।

ऐलान

एनटीआर को मिली अकादमी की सदस्यता

अकादमी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर उन 5 कलाकारों के नाम साझा किए है, जो इस वर्ष इसके सदस्य के रूप में शामिल हुए हैं। एनटीआर के अलावा सूची में शामिल अन्य कलाकार के ह्यू क्वान, मार्शा स्टेफनी ब्लेक, केरी कॉन्डन और रोजा सालाजार हैं। दुनियाभर के इन मशहूर सितारों के साथ एकमात्र भारतीय अभिनेता एनटीआर की झलक देखकर प्रशंसकों का सीना गर्व से फूल गया है। वे बधाई देते हुए उन्हें भारत का 'गौरव' बता रहे हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए पोस्ट

पोस्ट

अकादमी ने यूं किया सितारों का स्वागत

अकादमी ने पांचों सितारों का स्वागत किया है। इसने पोस्ट में लिखा, 'इन समर्पित और प्रतिभाशाली कलाकारों की काबिलियत से कहानियां, कल्पनाओं की सीमाओं को पार कर ऐसा मूरत रूप लेती हैं, जो दुनियाभर को मंत्रमुग्ध कर देती हैं। अपने हुनर से ये कल्पना और वास्तविकता के बीच की खाई को पाट देते हैं। इससे हम उन किरदारों के संघर्ष, खुशियों के पल और जीत में खुद को देख पाते हैं, जिन्हें वो अपने अभिनय से जीवंत कर देते हैं।'

खुशी

सातवें आसमान पर प्रशंसक

इस उपलब्धि के बाद एनटीआर के एक प्रशंसक ने लिखा, 'बहुत खुशी है कि एनटीआर को इस सूची में शामिल किया गया है।' एक अन्य फैन ने लिखा, 'भारत से हमारा जूनियर एनटीआर वहां है, अद्भुत।' एक ने लिखा, 'आप पर गर्व है अन्ना।' एक ने लिखा, 'देशभर के अभिनेताओं और अभिनेत्रियों में से केवल आपको जगह मिली है। वाह! दिल खुश हो गया।' एक फैन ने लिखा, 'एक और ऑस्कर सम्मान। कड़ी मेहनत कभी जाया नहीं जाती।'

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

अकादमी के नियमों के मुताबिक, सदस्‍य बनने के लिए जिनका चयन होता है, उनकी योग्‍यता उनके काम के प्रकार के आधार पर होती है। सिनेमा-संगीत की दुनिया में उनके योगदान को देखते हुए यह निमंत्रण भेजा जाता है। हर साल नए सदस्य शामिल होते हैं।

आगामी फिल्म

जाह्नवी के साथ 'देवरा' में नजर आएंगे एनटीआर

एनटीआर लंबे समय से अपनी पैन इंडिया फिल्म 'देवरा' को लेकर चर्चा में हैं। इसमें सैफ अली खान और जाह्नवी कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं। 'देवरा' के जरिए जाह्नवी साउथ में अपनी शुरुआत कर रही हैं, वहीं सैफ इस फिल्म में खलनायक बने हैं। इसका निर्देशन कोराताला शिवा कर रहे हैं। 'देवरा' दो भागों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग 5 अप्रैल, 2024 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगा। 'RRR' के बाद यह एनटीआर की अगली फिल्म होगी।