'तनु वेड्स मनु 3' में नहीं दिखेगी कंगना-आर माधवन की जोड़ी, सामने आई बड़ी वजह
क्या है खबर?
कंगना रनौत और आर माधवन की लोकप्रिय फिल्म 'तनु वेड्स मनु' तीसरी कड़ी के साथ वापसी करने जा रही है। करीब एक दशक से ज्यादा समय बाद निर्माता 'तनु वेड्स मनु: द नेक्स्ट चैप्टर' लेकर आ रहे हैं। कुछ समय पहले ही फिल्म का ऐलान किया गया था, जिसके बाद से फैंस इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, इस बार कहानी पुराने किरदारों को आगे बढ़ाने के बजाय एक नए अध्याय के रूप में पेश की जाएगी।
खुलासा
निर्देशक मिताक्षरा कुमार का खुलासा
निर्देशक मिताक्षरा 'तनु वेड्स मनु 3' पर काम कर रही हैं। बताया जा रहा है कि इस रोमांटिक कॉमेडी में कंगना और माधवन के किरदारों की कहानी आगे नहीं बढ़ेगी।
इसके बजाय फिल्म में नई और युवा कलाकारों की टोली नजर आएगी।
'मिड-डे' से बातचीत में मिताक्षरा ने कहा, "हम एक नई और युवा कास्ट के साथ आ रहे हैं, लेकिन इसमें 'तनु वेड्स मनु' की दुनिया वाला वही पागलपन देखने को मिलेगा।"
काम
टीम पिछले एक साल से कर रही है 'तनु वेड्स मनु 3' पर काम
फिल्म 'तनु वेड्स मनु 3' से जुड़े एक सूत्र ने बताया, "योजना यह है कि 'तनु वेड्स मनु' के उस बेबाकपन और पागलपन को बरकरार रखा जाए, लेकिन साथ ही नए किरदारों को शामिल किया जाए। यह नई फिल्म निर्माताओं को पहले से स्थापित दुनिया में एक बिल्कुल अलग कहानी गढ़ने का मौका देगी। टीम पिछले एक साल से इसकी पटकथा लिख रही है।"
अभी तक इस फिल्म की रिलीज की तारीख की घोषणा नहीं की गई है।
जानकारी
'तनु वेड्स मनु' के दोनों भाग हुए थे सफल
बता दें निर्देशक आनंद एल राय की फिल्म 'तनु वेड्स मनु' का पहला भाग साल 2011 में रिलीज हुआ था। वहीं इसका दूसरा भाग 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' 2015 में आया था। दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थीं।