कॉमेडियन सुनील ग्रोवर की हुई हार्ट सर्जरी, मुंबई के अस्पताल में हैं भर्ती

कॉमेडी की दुनिया में सुनील ग्रोवर का कोई तोड़ नहीं है। वह अपने अंदाज से लाखों दर्शकों के दिलों पर राज करते हैं। अब उनके प्रशंसकों के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट की मानें तो कॉमेडियन सुनील की हार्ट सर्जरी हुई है और वह फिलहाल मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में अपनी सर्जरी कराई है। फैंस दुआ कर रहे हैं कि सुनील जल्द ठीक हो जाएं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनील ने मुंबई के मशहूर हार्ट हॉस्पिटल एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में अपनी सर्जरी कराई है। जब न्यूज पोर्टल ने इस अस्पातल से संपर्क किया, तो अस्पताल प्रशासन ने इस बात की पुष्टि की है कि सुनील अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें हार्ट से संबंधित कौन सी बीमारी हुई, इसको लेकर कुछ भी नहीं बताया गया है। खबरों की मानें तो सुनील की हालत में अब निरंतर सुधार हो रहा है।
सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भियानी ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सुनील के स्वास्थ्य के बारे में लोगों को बताया है। उन्होंने सुनील की एक तस्वीर शेयर करते हुए अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'अभिनेता सुनील शहर के एशियन हॉस्पिटल में हार्ट की सर्जरी के बाद रिकवर हो रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि वह सुरक्षित हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। सुनील को प्रार्थना और प्यार दें।'
मशहूर अभिनेत्री सिमी ग्रेवाल ने भी सुनील के जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'मुझे यह जानकर शॉक लग गया है कि सुनील की हार्ट सर्जरी हुई है। जो इंसान हमें हंसाता है और खुशियों से भर देता है, वह आज इस स्थिति में है। प्रार्थना करूंगी कि वह जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। इनकी प्रतिभा अद्भुत है। मैं हमेशा से ही इनकी बहुत बड़ी प्रशंसक रही हूं।'
Am shocked that @WhoSunilGrover has had heart surgery. Filling our hearts with laughter joy..at the cost of his own.💔.. I pray he recovers fast..🙏 He has a formidable talent.. I'm a huge fan!!
— Simi Garewal (@Simi_Garewal) February 2, 2022
सुनील के वर्कफ्रंट की बात करें तो पिछले साल उन्हें वेब सीरीज 'तांडव' में देखा गया था। इसमें सैफ अली खान भी नजर आए थे। वह हाल में वेब सीरीज 'सनफ्लावर' में नजर आए हैं। 'द कपिल शर्मा शो' में भी उनकी और कपिल शर्मा की जोड़ी खूब जमी थी। इस शो में उन्हें गुत्थी के किरदार से लोकप्रियता मिली थी। उन्होंने 'मैं हूं ना', 'गजनी', 'बागी' और 'पटाखा' जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
हाल में शाहरुख खान अभिनीत साउथ निर्देशक एटली की अगली फिल्म से सुनील का नाम जुड़ा था। एटली इस फिल्म को कई भाषाओं में बनाएंगे। यह एक कमर्शियल फिल्म होगी, जिससे मेकर्स को काफी उम्मीदें हैं।