Page Loader
सुभाष घई की छोटे पर्दे पर एंट्री, ला रहे अपने करियर का पहला टीवी शो 'जानकी' 
सुभाष घई टीवी की दुनिया में रख रहे कदम (तस्वीर- इंस्टा/@subhashghai1)

सुभाष घई की छोटे पर्दे पर एंट्री, ला रहे अपने करियर का पहला टीवी शो 'जानकी' 

Feb 26, 2023
08:22 am

क्या है खबर?

सुभाष घई की गिनती बॉलीवुड के नामचीन निर्देशकों में होती है। उन्होंने हिंदी सिनेमा को कई शानदार फिल्मों की सौगात दी है। 1967 से लेकर अब तक सिनेमा की दुनिया में सक्रिय रहे घई अब टीवी जगत का रुख कर रहे हैं। वह 'जानकी' नाम का एक टीवी शो दर्शकों के बीच पेश करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। घई ने इस खबर पर अपनी मोहर भी लगा दी है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।

विषय 

महिला सशक्तिकरण पर आधारित होगा शो

शो महिला सशक्तिकरण पर आधारित है। मई, 2023 से इसका प्रसारण शुरू होगा और इसके 208वें एपिसोड की शूटिंग इसी महीने शुरू होगी। जब घई से पूछा गया कि उन्होंने टीवी का चयन कैसे किया तो इस पर वह बोले, "यह एक बेहद शक्तिशाली माध्यम है, जो हमारे देश में मनोरंजन को सुधारने और इसे फिर से परिभाषित करने का दम रखता है।" 'जानकी' के साथ घई का मकसद देशभर में महिला सशक्तिकरण के आंदोलन को मजबूत करना है।

चैनल 

दूरदर्शन पर आएगा शो 

घई की कंपनी मुक्ता आर्ट्स ने धारावाहिक बनाने के लिए प्रसार भारती के CEO के साथ एक समझौते को अंतिम रूप दे दिया है। घई ने कहा, "दूरदर्शन भारत में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला चैनल है और हमारे पहले शो के लिए इस तरह के प्रतिष्ठित ब्रांड के साथ जुड़ना सम्मान की बात है।" जानकी' की कहानी जैनेश एजरदार, वंदना तिवारी और रेखा बब्बल ने लिखी है। रुतुजा काथे इसके क्रिएटिव डायरेक्टर तो वैष्णव और धर्मेश इसके निर्देशक हैं।

ऐलान 

'राम-लखन' के साथ भी जल्द काम करेंगे घई 

फिल्म 'राम लखन' के लेखक, निर्देशक और निर्माता घई ही थे। इसमे जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर ने काम किया था और दोनों की जोड़ी खूब लोकप्रिय हुई थी। काफी समय से दर्शकों को फिल्म के अगले भाग का इंतजार है। इस पर घई ने कहा, "मैं जल्द ही अपने 'राम और लखन' के साथ काम करने वाला हूं। अनीस बाज्मी फिल्म के लेखक और निर्देशक हैं। यह पूरी तरह से एक कॉमेडी फिल्म होगी, जिसका मैं सह-निर्माता हूं।"

लोकप्रियता 

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुके हैं घई 

घई का नाम आते ही पर्दे पर फिल्माए गए रूमानियत भरे सीन याद आने लगते हैं। उनकी इस छवि के कारण उन्हें बॉलीवुड का शोमैन कहा जाता है। घई की चर्चित फिल्मों में 'कालीचरण', 'विश्वानाथ', 'कर्ज', 'हीरो', 'मेरी जंग', 'कर्मा', 'राम लखन', 'सौदागर', 'खलनायक', 'परदेस' और 'ताल' शामिल हैं। 2006 में उन्हें फिल्म 'इकबाल' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया और 2015 में उन्हें भारतीय सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए IIFA अवॉर्ड मिला।

जानकारी

2021 में रखा OTT पर कदम 

घई ने 2021 में OTT जगत में अपनी शुरुआत की थी। ZEE5 के लिए उन्होंने फैमिली ड्रामा फिल्म '36 फार्महाउस' बनाई। इस फिल्म के जरिए घई ने 6 साल बाद प्रोडक्शन जगत में अपनी वापसी की। उन्होंने कोरोना महमारी के दौरान यह फिल्म बनाई थी।