
'स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2' फेम आदित्य सील 21 नवंबर को अनुष्का रंजन से करेंगे शादी
क्या है खबर?
आदित्य सील बॉलीवुड के उभरते हुए अभिनेता हैं। उन्हें अब तक बॉलीवुड की कई चर्चित फिल्मों में अभिनय करते हुए देखा गया है।
उन्हें फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2' से विशेष लोकप्रियता हासिल हुई थी। अब उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी एक रोचक जानकारी सामने आ रही है।
खबरों की मानें तो वह इसी साल अपनी गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री अनुष्का रंजन से शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। खबर है कि यह कपल नवंबर में शादी रचाएगा।
रिपोर्ट
कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए होगी शादी
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, आदित्य और अनुष्का इसी साल नवंबर में एक-दूसरे के साथ शादी करने वाले हैं। खबरों की मानें तो यह कपल 21 नवंबर, 2021 को शादी के पवित्र बंधन में बंधेगा।
इन दोनों की शादी की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आदित्य और अनुष्का के परिवार वाले इस शादी को लेकर काफी उत्साहित हैं।
कहा जा रहा है कि कोरोना वायरस के प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए शादी का समारोह आयोजित किया जाएगा।
सूचना
शादी में पहनने के लिए कपल ने किया कपड़े का चुनाव
एक सूत्र ने कहा, "शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और यह घर में चर्चा का विषय बना हुआ है। 21 नवंबर को शादी के बंधन में बंधने की तारीख तय हो गई है। दोनों परिवार इसके लिए बहुत उत्साहित हैं।"
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो कपल ने शादी के अवसर पर पहनने के लिए कपड़े का चुनाव कर लिया है। आदित्य और अनुष्का कई सालों से एक अच्छे दोस्त के रूप में साथ रह रहे हैं।
जानकारी
इससे पहले दोनों ने डेटिंग की खबरों को किया था खारिज
आदित्य और अनुष्का पिछले कुछ सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। हालांकि, दोनों ने इससे पहले अक्सर अपनी डेटिंग की खबरों को खारिज किया था।
उन्होंने गुपचुप तरीके से अपने प्रेम संबंधों को आगे बढ़ाया। ये दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें शेयर करते रहते थे। अमूमन, उन्हें एक-दूसरे की तारीफ करते हुए भी देखा जाता था।
अब इन्होंने अपने रिश्ते को एक नया मुकाम देने की योजना बनाई है।
वर्कफ्रंट
आदित्य और अनुष्का का फिल्मी सफर
आदित्य के करियर की बात करें तो उन्होंने फिल्म 'एक छोटी सी लव स्टोरी' से हिन्दी फिल्मों में कदम रखा था। इस फिल्म में मनीषा कोइराला मुख्य भूमिका में नजर आई थीं।
इसके बाद आदित्य ने 'तुम बिन 2', 'इंदु की जवानी', 'नमस्ते इंग्लैंड' जैसी कई फिल्मों में अभिनय किया है। उन्हें हालिया रिलीज हुई वेब सीरीज 'द एम्पायर' में देखा गया है।
वहीं, अनुष्का ने 'बत्ती गुल मीटर चालू' और 'वेडिंग पुलाव' जैसी फिल्मों में अभिनय किया है।