बेंगलुरु शो से पहले सोनू निगम ने कन्नड़ समुदाय से क्यों मांगी माफी? जानिए पूरा मामला
क्या है खबर?
सोनू निगम का सोशल मीडिया पर एक वीडियो आया है, जिसमें वह कन्नड़ समुदाय से माफी मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर आप किसी से प्यार करते हैं और रिश्ता बनाए रखना चाहते हैं, तो 1,000 बार माफी मांगने में भी कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। गायक ने आगे कहा कि कर्नाटक के लोगों से रिश्ता बनाए रखने के लिए वह बार-बार "सॉरी" बोलने को तैयार हैं। बता दें, सोनू 24 अक्टूबर को बेंगलुरु शो में लाइव प्रस्तुति देंगे।
कारण
कर्नाटक में सोनू के बैन की उठी थी मांग
सोनू ने पिछले साल बेंगलुरु में कॉन्सर्ट किया था, जहां मौजूद लोगों ने उनसे कन्नड़ गाना गाने की अपील की।
बार-बार जिद से परेशान होकर गायक ने विवादित बयान दे दिया था कि इसी रवैये के कारण पहलगाम में हमला हुआ।
उनकी टिप्पणी ने लोगों में इतना आक्रोश भर दिया कि उनके खिलाफ कर्नाटक में बैन की मांग उठ गई। बाद में उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
अब सोनू फिर बेंगलुरु में कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं।
मांग
कर्नाटक में प्रस्तुति न देने की मांग उठी
कर्नाटक रक्षणा वेदिके (KRV) ने मांग की थी कि सोनू का बेंगलुरु कॉन्सर्ट बैन किया जाए क्योंकि उन्होंने अपने बयान से कन्नड़ लोगों का अपमान किया था।
इसी सिलसिले में गायक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कन्नड़ समुदाय से माफी मांगी है।
गायक ने KRV के प्रमुख नारायण गौड़ा से बात की और स्पष्ट किया कि वह कन्नड़ भाषी लोगों के साथ अपने रिश्ते को काफी अहमियत देते हैं। इसलिए वह बार-बार माफी मांगने को तैयार हैं।
उदारता
सोनू की माफी पर नारायण गौड़ा ने क्या कहा?
नारायण ने सोनू का वीडियो साझा करते हुए कहा कि गायक ने उनसे बात की और माना की उनकी टिप्पणी ने कन्नड़ समुदाय को आहत किया था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सोनू से उनकी निजी दुश्मनी नहीं है। कर्नाटक के लोग लंबे समय से उन्हें सुनते और पसंद करते आए हैं। संगठन का विरोध गायक के बयान के लिए था और अब इसे पीछे छोड़ने का समय है।
उन्होंने कहा कि माफी के बाद संगठन अपना विरोध खत्म कर देगा।