राहुल गांधी के समर्थकों से भिड़ीं सोना महापात्रा, मिलीं गंदी गालियां तो स्क्रीनशॉट दिखाकर खोली पोल
क्या है खबर?
गायिका सोना महापात्रा ने कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश की बदहाली सुधारने की सलाह राहुल गांधी को दी, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग और गालियों का सामना करना पड़ा।इस ट्रोलिंग पर सवाल उठाते हुए सोना ने राजनीतिक प्रतिक्रिया पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने ओडिशा में अवैध खनन को लेकर निशाना साधा था, तब उन्हें इतनी नफरत और गालियों का सामना नहीं करना पड़ा था, जितना राहुल को सलाह देने पर झेलना पड़ रहा है।
नफरत
सोना ने साझा किया गंदी टिप्पणियों का स्क्रीनशॉट
सोना महापात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और हिमाचल प्रदेश की स्थिति को लेकर दिए अपने बयान के बाद सोशल मीडिया पर गालियों की बौछार और ऑनलाइन ट्रोलिंग का कड़ा विरोध किया है।
सोना ने सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट्स का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया और उस अकाउंट को टैग किया, जो लगातार गंदे मैसेज भेज रहा था। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उनके बयान पर आई ये तीखी प्रतिक्रिया उनकी राजनीतिक सोच से जुड़ी है।
सवाल
भद्दे कमेंट्स करने वाले को बेनकाब कर पूछा तीखा सवाल
सोना ने अपने पोस्ट पर लगातार भद्दे और गाली-गलौज वाले कमेंट्स करने वाले को आड़े हाथ लेते हुए लिखा, '@buzzing_beez_ कल से मुझे मिल रही राजनीतिक गालियों की बाढ़ का यह सिर्फ एक नया उदाहरण है। राहुल गांधी को मेरी सलाह बिल्कुल सही थी, क्योंकि प्रत्यक्ष को प्रमाण की जरूरत नहीं होती। पीएस ओडिशा की पहाड़ियों में हो रहे अवैध खनन पर सवाल उठाने वाले मेरे रील पर मुझे इतनी नफरत नहीं मिली थी। वामपंथी? उदारवादी?
मांग
सोना ने राहुल से की थी ये मांग
सोना को लोकतंत्र सुधारने पर दिए बयान के बाद राहुल गांधी से सवाल पूछने पर गालियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने एक्स पर कांग्रेस नेता को अपनी पार्टी के शासन वाले हिमाचल प्रदेश की हालत सुधारने की सलाह दी थी। सोना ने बताया कि 9 साल बाद हिमाचल लौटने पर वहां की नदियों और पहाड़ों की दुर्दशा देखकर उन्हें गहरा झटका लगा।
इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी से मांग की कि वो हिमाचल को सुशासन का एक मिसाल बनाएं।
ट्रोलिंग
राहुल पर सवाल उठाते ही ट्रोल्स के निशाने पर आईं सोना
सोना ने लिखा, 'आदरणीय राहुल गांधी, लोकतंत्र सुधारने से पहले क्या आप हिमाचल प्रदेश की हालत सुधारने से शुरुआत करेंगे? मैं 9 साल बाद वहां लौटी और कचरे से भरे पहाड़ों व घुटती नदियों को देखकर दंग रह गई। कांग्रेस शासित इस राज्य को सुशासन का मॉडल बनाइए। जनता का जनादेश कमाइए, सिर्फ उसकी मांग मत कीजिए।'
सोना के बयान पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ ने उनकी इस टिप्पणी की खूब आलोचना की।