#BirthdaySpecial: चचेरे भाई-बहन फराह और फरहान के जन्मदिन पर जानें उनसे जुड़ी कुछ खास बातें

फरहान अख्तर का जन्म 9 जनवरी, 1974 को मुंबई में हुआ था। फरहान बॉलीवुड के मशहूर लेखक और कवि जावेद अख्तर के बेटे हैं। अभिनेत्री शबाना आज़मी, फरहान की सौतेली मां हैं। फरहान अपना बर्थडे अपनी चचेरी बहन फराह खान के साथ शेयर करते हैं। माइकल जैक्सन से प्रभावित फराह ने खुद से डांस सीखा और इसे अपना करियर बनाया। आइये जानते हैं इन दोनों सितारों से जुड़ी कुछ बातें जो आप नहीं जानते होंगे।
हरफनमौला फरहान अख्तर आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। फरहान हिंदी सिनेमा में अभिनेता ही नहीं बल्कि एक निर्माता, निर्देशक, लेखक और गायक बनकर भी उभरे हैं। फरहान ने जुहू के मानिक जी कपूर स्कूल से शुरूआती शिक्षा हासिल की। उन्होंने अपनी शुरुआत 'लम्हे' से बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की थी, वहीं एक्टिंग की दुनिया में फरहान ने 'रॉक ऑन' से कदम रखा था। फरहान अपनी बहन ज़ोया अख्तर की फिल्म 'द स्काई इज़ पिंक' में नज़र आने वाले हैं।
फरहान ने अधुना भबानी से साल 2000 में शादी की थी, लेकिन 2017 में इस जोड़े ने अपने 16 साल पुराने रिश्ते को आपसी रजामंदी से खत्म कर दिया। फरहान का नाम श्रद्धा, अदिति राव हैदरी के साथ जुड़ चुका है। इन दिनों फरहान, अभिनेत्री और गायिका शिबानी दांडेकर को डेट कर रहे हैं। फरहान दीपिका-रणवीर के रिसेप्शन में शिबानी के साथ पहुंचे थे। खबरों के मुताबिक, ये कपल जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाला है।
फरहान की चचेरी बहन और मशहूर कोरियोग्राफर फराह खान भी आज अपना जन्मदिन मना रहीं हैं। फराह की मां मेनका और फरहान की मां हनी ईरानी बहनें हैं। फराह का जन्म 09 जनवरी, 1965 को मुंबई में हुआ था। जब 'जो जीता वही सिकंदर' को कोरियोग्राफर सरोज़ खान ने छोड़ दिया था तो फराह ने वो जगह ले ली थी। इसके बाद उन्होंने कई गानों में कोरियोग्राफी की। निर्देशक के तौर पर फराह की पहली फिल्म 'मैं हूं ना' थी।
फराह ने 2004 में शिरीष कुंदर से शादी की, दोनों के तीन बच्चे हैं। 'मैं हूं ना' के सेट पर फराह-शिरीष की पहली मुलाकात हुई थी। अचानक एक दिन शिरीष ने फराह को प्रपोज कर दिया। उस वक्त फराह की उम्र 32 और शिरीष की उम्र 25 साल थी। फराह ने शिरीष को हां कहने में काफी समय लिया था। उन्हें पांच बार फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी पुरस्कार भी मिल चुका है।