#BirthdaySpecial: 'भाई' के जन्मदिन पर जानिये, उनकी कुछ ऐसी बातें जो कम ही लोग जानते होंगे

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान अपने अलग स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। दबंग खान आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। सलमान का जन्म 27 दिसंबर, 1965 को इंदौर में हुआ था। सलमान का असली नाम अब्दुल राशिद सलीम सलमान खान है। इसके अलावा भी 'भाईजान' के बारे में ऐसी कई बाते हैं जो यकीनन आपमें से कई लोगों को पता नहीं होंगी। सलमान के जन्मदिन पर हम आपको ऐसी ही कुछ बातें बता रहे हैं।
सलमान की मां सलमा खान सलमान के पिता सलीम खान से शादी करने से पहले महाराष्ट्रियन ब्राह्मण थीं। उनका नाम सुशीला चरक था, शादी करने के लिए उनको अपना धर्म बदलना पड़ा था। सलमान अपने भाई-बहनों में से सबसे बड़े हैं। सलमान से छोटे अरबाज, सोहेल और अलवीरा हैं। सलमान की दूसरी बहन अर्पिता खान को उनके पिता ने गोद लिया था। सलमान ने स्कूल की पढ़ाई खत्म करने के बाद कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी।
एक इंटरव्यू के दौरान सलमान खान ने खुद इस बात का खुलासा किया था कि वह ट्रायजेमिनल न्यूरालजिया (Trigeminal Neuralgia) नाम की बीमारी से पीड़ित हैं जो लाइलाज है। इसे आत्महत्या की बीमारी के नाम से भी जाना जाता है।
सलमान की पहली फिल्म 'मैंने प्यार किया' नहीं बल्कि 'बीवी हो तो ऐसी' थी। इस फिल्म में सलमान की आवाज़ डब की गई थी। 'मैंने प्यार किया' में बतौर अभिनेता सलमान पहली बार दिखाई दिए थे। इस फिल्म को कई भाषाओं में डब किया गया जिनके नाम बहुत दिलचस्प हैं। अंग्रेजी भाषा में 'वेन लव कॉल्स', स्पेनिश में 'ते अमो', तेलुगू में 'प्रेम पावाराल्लु', तमिल में 'काढ़ाल ओरु कविताई' और मलयालम में इसका नाम 'इना प्रावुकल' है।
ज़रीन खान, डेजी शाह, सोनाक्षी सिन्हा, आथिया शेट्टी के अलावा कई ऐसे चेहरे हैं जिन्हें सलमान ने बॉलीवुड में लॉन्च किया है। साल 2019 में सलमान अभिनेत्री नूतन की पोती प्रनूतन, महेश मांजरेकर की बेटी अश्विनी व ज़हीर इकबाल को लान्च करेंगे।
सलमान के किरदार का नाम 15 से ज्यादा फिल्मोें में प्रेम रहा है। सलमान ने सबसे ज़्यादा फिल्में कैटरीना कैफ के साथ कीं हैं। सलमान और कैटरीना 'भारत' में भी नज़र आने वाले हैं। फिल्म में कैटरीना के पहले प्रियंका नज़र आने वाली थीं। सलमान खान इस फिल्म में पांच अलग-अलग लुक में नजर आएंगे। 'भारत' का निर्देशन अली अब्बास जफ़र कर रहे हैं। इस फिल्म में सलमान-कैटरीना के अलावा तब्बू, दिशा पटानी भी होंगी। फिल्म अगले साल रिलीज़ होगी।
सलमान का नाम अक्सर बॉलीवुड अभिनेत्रियों के साथ जोड़ा जाता रहा है जिनमें ऐश्वर्या राय, कैटरीना कैफ, संगीता बिजलानी और पाकिस्तानी अभिनेता सोमी अली सहित कई अभिनेत्रियां शामिल है। खबरों के अनुसार सलमान आजकल रोमानियाई गायक-अभिनेत्री यूलिया वंतूर को डेट कर रहे हैं।
विवादों से सलमान का चोली-दामन वाला रिश्ता है। सलमान पर हिट एंड रन, चिंकारा हिरण शिकार, ऐश्वर्या राय के साथ मार-पीट, विवेक ओबेरॉय को धमकी देने के आरोप लग चुके हैं। सलमान द्वारा 'सुल्तान' के प्रमोशन के दौरान थकाऊ शूटिंग के अनुभव की तुलना 'बलात्कार पीड़ित महिला' से करने के बाद जबरदस्त हंगामा हुआ था। याकूब मेनन को फांसी पर सलमान ने उसके समर्थन में ट्वीट किए थे। हालांकि बाद में सलमान ने ट्वीट डिलीट कर माफी मांग ली थी।
सलमान खान 'बीइंग ह्यूमन' नाम से एक फ़ाउन्डेशन भी चलाते हैं। यह फ़ाउन्डेशन भारत के पिछड़े और गरीब लोगों की शिक्षा और उनके स्वास्थय का खर्च उठाती है। इस संस्था की आय का मुख्य स्रोत बीइंग ह्यूमन ब्रांड की वस्तुओं की बिक्री है।