सोहेल खान ने वजन घटाने की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- कोई दवा नहीं, सिर्फ प्यार
क्या है खबर?
सोहेल खान अपने दुबले-पतले अवतार को लेकर सुर्खियों में हैं। 55 वर्षीय अभिनेता के इस चौंकाने वाले ट्रांसफॉर्मेशन को देखकर प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं। कुछ लोगों ने तो ये तक अटकलें लगा दीं कि सोहेल ने वजन घटाने के लिए ओजेम्पिक जैसी दवाओं या फैट बर्नर्स का सहारा लिया है। अब सोहेल ने इन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने किसी शॉर्टकट या दवा का सहारा नहीं लिया है।
खुलासा
पेट में इन्फेक्शन ने और बढ़ाईं मुश्किलें
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में सोहेल ने बताया कि उनका वजन रियलिटी शो 'द एलायंस' में जाने के बाद घटा। ये उनका पहला रियलिटी शो था, इसलिए इसके माहौल में ढलना उनके लिए आसान नहीं रहा।
सोहेल ने माना कि शुरुआती दिनों में उन्हें वहां काफी घुटन महसूस होती थी। उन्होंने कहा, "घर में एंट्री करने के पहले ही हफ्ते में मेरे पेट में इन्फेक्शन हो गया, जिसके चलते मेरी परेशानियां और ज्यादा बढ़ गई थीं।"
बीमारी
"बीमार था फिर भी 5 हफ्ते टिका"
इतनी जल्दी बीमार पड़ने के बावजूद सोहेल शो में 5 हफ्तों तक बने रहे। उन्होंने शो के बाकी सदस्यों और उनके द्वारा की गई देखभाल को ही अपने टिके रहने की वजह बताया।
सोहेल बोले, "मुझे आपको ये जरूर बताना चाहिए कि पहले ही हफ्ते में मेरी तबीयत बिगड़ने के बावजूद साथी खिलाड़ियों का जो प्यार और चिंता न केवल मेरी सेहत को लेकर बल्कि हर मौके पर देखने को मिली, उसी ने मुझे 5 हफ्तों तक वहां बनाए रखा।"
सतर्कता
बीमारी के बाद सोहेल खान ने बदली अपनी डाइट
बीमारी की वजह से सोहेल को अपने खान-पान को लेकर अधिक सतर्क होना पड़ा।
उन्होंने बताया कि वो अपनी सेहत को शो के आड़े नहीं आने देना चाहते थे, ताकि वह चुनौतियों में हिस्सा लेना जारी रख सकें।
इसके लिए उन्होंने अपनी डाइट पर नियंत्रण रखा और खुद को सक्रिय बनाए रखा। सोहेल ने शो के दौरान बने नए रिश्तों और दोस्तों का प्यार से जिक्र किया और उम्मीद जताई कि ये दोस्ती जिंदगीभर कायम रहेगी।
वजन
वजन घटाने की अफवाहों पर क्या बोले सोहेल?
वजन घटाने की दवाओं पर सोहेल ने साफ किया कि उनके इस शारीरिक बदलाव में 'ओजैम्पिक' या किसी फैट बर्नर का हाथ नहीं था।
सोहेल बोले, "कोई दवा नहीं, मैं सिर्फ सबका ढेर सारा प्यार ले रहा हूं।"
शो 'द एलायंस' में जब सलमान खान अपने भाई सोहेल का समर्थन करने पहुंचे, तब भी उनके वजन का जिक्र हुआ था। सलमान ने वहां खुलासा किया था कि सोहेल पहले भी 12 किलो वजन घटा चुके हैं।
जानकारी
'द एलायंस' की पार्टी में सोहेल को पहचानना हुआ मुश्किल
'द एलायंस' की पार्टी की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोहेल की सेहत को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। उनका बेहद दुबला अवतार देख फैंस हैरान रह गए। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर तमाम कयास लगने शुरू हो गए।