Loading...
श्वेता तिवारी का राज ठाकरे से सीधा सवाल- क्या महिलाओं को 'वेश्या' कहने वाले आपके समर्थक?'
श्वेता तिवारी ने राज ठाकरे को लिया आड़े हाथ

श्वेता तिवारी का राज ठाकरे से सीधा सवाल- क्या महिलाओं को 'वेश्या' कहने वाले आपके समर्थक?'

Aug 21, 2026
04:38 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने सोशल मीडिया पर मिल रही भद्दी और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे से तीखा सवाल पूछा है। उन्होंने महिलाओं को दी जाने वाली गालिेयों के स्क्रीनशॉट साझा करते हुए कहा कि ये मामला दिखाता है कि लैंगिक ट्रोलिंग को कितनी सामान्य बात मान लिया गया है। श्वेता के मुताबिक, सभ्य परिवारों के पुरुष भी महिलाओं को नीचा दिखाने और गालियां देने में पीछे नहीं हटते, जो बेहद चिंताजनक है।

ट्रोलिंग

सभ्य परिवारों के पुरुष भी कर रहे घटिया कमेंट- श्वेता

श्वेता ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर कई पोस्ट साझा कर महिलाओं के खिलाफ भद्दी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले ट्रोल्स को बेनकाब किया।

उन्होंने इस बात पर गहरा दुख जताया कि सभ्य और प्रतिष्ठित परिवारों के दिखने वाले पुरुष भी सोशल मीडिया पर ऐसी घटिया टिप्पणियां कर रहे हैं।

श्वेता के अनुसार, इससे ये साफ जाहिर होता है कि हमारे समाज में महिलाओं के प्रति ऑनलाइन ट्रोलिंग और अभद्रता को कितनी सहजता से स्वीकार कर लिया गया है।

नाराजगी

सोशल मीडिया पर गालियां देने वालों पर भड़कीं श्वेता

श्वेता ने लिखा, 'आज मैं ऐसे मुद्दे पर बात करना चाहती हूं, जो बेहद गंभीर है और दुर्भाग्य से सोशल मीडिया पर आम हो चुका है। किसी भी महिला को 'वेश्या' कहना। किसी भी उम्र या पेशे से जुड़ी महिला को कोई इंसान इंटरनेट पर आकर ये भद्दी गाली दे सकता है।'

उन्होंने दुख जताया कि ऐसी घटिया भाषा का इस्तेमाल करने वाले लोग पढ़े-लिखे हैं और ऐसे परिवारों से आते हैं, जहां महिलाएं उनके जीवन का अहम हिस्सा हैं।

ADVERTISEMENT

हैरानी

'घर में मां-बहनें हैं, फिर भी महिलाओं को दे रहे गंदी गालियां'

श्वेता ने आगे लिखा, 'मुझे सबसे ज्यादा झटका इस बात से लगता है कि ये पुरुष अनपढ़ या किसी समस्याग्रस्त पृष्ठभूमि से नहीं हैं। इनमें से कई लोग पढ़े-लिखे हैं, पहली नजर में सभ्य और प्रतिष्ठित दिखने वाले परिवारों से आते हैं, जिनकी अपनी पत्नियां, बेटियां, माताएं और बहनें हैं... और फिर भी वे दूसरी महिला के लिए सबसे नीच और घटिया शब्द का इस्तेमाल करने में ज़रा भी झिझक महसूस नहीं करते।'

ADVERTISEMENT

लगाव

महाराष्ट्र और मराठी संस्कृति से अपने जुड़ाव पर बोलीं श्वेता

श्वेता ने अगले पोस्ट में सवाल उठाया, "अपने परिवार की महिलाओं का सम्मान करने वाला इंसान दूसरी महिला से ऐसी बात करके घर कैसे जाता है? शायद वो राज ठाकरे या उनकी पार्टी का समर्थक भी है।"

श्वेता ने आगे महाराष्ट्र और मराठी संस्कृति से अपने जुड़ाव पर भी बात की। उन्होंने लिखा, 'मैं जिंदगीभर महाराष्ट्र में रही हूं। मेरे पिता मुंबई में पले-बढ़े, मेरा जन्म भी यहीं हुआ। मैंने हमेशा 'मराठी मानुष' होने के स्वाभिमान को देखा है।'

सवाल

राज ठाकरे को श्वेता तिवारी का तीखा सवाल

श्वेता ने सवाल उठाया कि क्या खुद को 'मराठी मानुष' कहने वालों को महिलाओं को गालियां देनी चाहिए?

उन्होंने लिखा, "जब लोग महिलाओं के DM में जाकर 'वेश्या' कहते हैं तो सवाल उठता है: क्या 'मराठी मानुष' का यही मतलब है?" राज ठाकरे को संबोधित करते हुए उन्होंने पूछा, 'यदि ऐसे लोग आपके समर्थक हैं तो क्या आप इसे सही व्यवहार मानते हैं?'

उन्होंने याद दिलाया कि मराठी संस्कृति हमेशा महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की कद्र करती है।

ADVERTISEMENT