
शेफाली जरीवाला ने इस गायक से की थी पहली शादी, कैसे मिले थे पराग त्यागी?
क्या है खबर?
'कांटा लगा' गाने से रातों-रात स्टार बनीं अभिनेत्री शेफाली जरीवाला अब हमारे बीच नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्डिएक अरेस्ट से 42 की उम्र में उनका निधन हुआ है। शेफाली की मौत के बाद लोग उनकी निजी जिंदगी के बारे में जानना चाह रहे हैं। पराग त्यागी के साथ भले ही शेफाली का प्यार जगजाहिर हो, लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनके पहले पति कौन थे। आइए जानते हैं कि शेफाली की पहली शादी किससे हुई थी।
केब
'मीत ब्रदर्स' के गायक हरमीत सिंह थे शेफाली के पहले पति
शेफाली की पहली शादी 'मीत ब्रदर्स' वाले गायक हरमीत सिंह से हुई थी। साल 2002 में आए 'कांटा लगा' म्यूजिक वीडियो से शेफाली ने खूब सुर्खियां बटोरी थींं। इसी दौरान उनकी मुलाकात मीत ब्रदर्स के संगीत निर्देशक हरमीत से हुई थी और दोनों ने साल 2004 में शादी कर ली थी। हालांकि, कुछ सालों बाद दोनों के रिश्तों में कड़वाहट आ गई। फिर साल 2009 में अभिनेत्री ने तलाक ले लिया था। इसके बाद शेफाली काफी परेशान रहने लगी थीं।
आरोप
शेफाली ने हरमीत पर लगाया था घरेलू हिंसा का आरोप
शेफाली ने अपने पूर्व पति हरमीत पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया था। अभिनेत्री ने हरमीत के खिलाफ FIR भी दर्ज करवाई थी। उन्होंने कहा था कि उनकी पहली शादी एक प्रताड़ना थी। वह हरमीत के साथ खुश नहीं थीं। चीजें आए दिन खराब हो रही थीं और इसी कारण उन्होंने तलाक का फैसला किया था। तलाक के बाद शेफाली का प्यार से भरोसा ही उठ चुका था।
प्यार
पराग से पहली मुलाकात और शादी
'पवित्र रिश्ता' से लोकप्रिय हुए टीवी अभिनेता पराग से शेफाली की पहली मुलाकात तब हुई थी, जब शेफाली अपने तलाक के मुश्किल वक्त से गुजर रही थीं। कहा जाता है कि पराग की सादगी और उनकी देखभाल करने वाली आदत ने शेफाली का दिल जीत लिया था। एक दोस्त के जरिए दोनों की मुलाकात एक पार्टी में हुई थी। फिर धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और उसके बाद साल 2014 में उन्होंने अपने रिश्ते को शादी का नाम दिया।
ख्वाहिश
बच्चा गोद लेना चाहती थीं शेफाली
शेफाली ने 7 साल बड़े पराग से शादी की थी। शादी के 11 साल बाद भी वो मां नहीं बन पाई थीं। उन्होंने बताया था कि उनकी और पराग की उम्र में ज्यादा अंतर था। इस वजह से भी वह मां नहीं बन पाईं। उन्होंने बच्चा गोद लेने के बारे में भी सोचा था, लेकिन कानूनी पचड़ों के कारण ये संभव नहीं हो पाया। वह बच्चे करने की सारी कोशिश छोड़ चुकी थीं। शेफाली हमेशा से ही बेटी चाहती थीं।