Page Loader
शाहरुख खान ने मिलाया फराह खान से हाथ, 9 साल बाद बड़े पर्दे पर लौटेगी जोड़ी
शाहरुख खान और फराह खान फिल्म के लिए आए साथ

शाहरुख खान ने मिलाया फराह खान से हाथ, 9 साल बाद बड़े पर्दे पर लौटेगी जोड़ी

लेखन मेघा
Jun 25, 2023
12:52 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान इन दिनों अपनी फिल्म 'जवान' और 'डंकी' को लेकर सुर्खियों में हैं, जो जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं। इसी बीच अब खबर आ रही है कि शाहरुख ने 9 साल बाद एक बार फिर अपनी दोस्त और निर्देशक-निर्माता फराह खान से हाथ मिला लिया है। शाहरुख और फराह कथित तौर पर एक नई फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं। आखिरी बार उन्होंने 2014 में आई 'हैप्पी न्यू ईयर' में साथ काम किया था।

विस्तार

निर्माता और निर्देशक के रूप में करेंगे काम

मिड-डे को सूत्र से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बार ऐसा लग रहा है कि शाहरुख और फराह एक निर्माता और निर्देशक के रूप में एक साथ आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, शाहरुख फराह की नई फिल्म के निर्माता होंगे। पहले एक स्टूडियो फिल्म को बनाने वाला था और शाहरुख के इसमें मुख्य भूमिका निभाने पर विचार हो रहा था, लेकिन अब कहानी में बदलाव हो गया है। ऐसे में फिल्म में विभिन्न अभिनेता काम करेंगे।

विस्तार

साल के अंत तक शुरू हो सकती है शूटिंग

सूत्रों का कहना है कि जहां शाहरुख का प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट एटली के निर्देशन में बन रही 'जवान' को पूरा करने और आर्यन खान की नई सीरीज के निर्माण में व्यस्त चल रहा है, वहीं स्टूडियो ने फराह के साथ भी प्रारंभिक समझौते पर हस्ताक्षर कर लिए हैं। सूत्र ने कहा, "अगर सबकुछ ठीक रहा, तो साल के अंत में इसकी घोषणा की जाएगी और 2023 में ही फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो सकती है।"

विस्तार

फराह ने शाहरुख के साथ की थी करियर की शुरुआत

फराह ने बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत 2004 में आई 'मैं हूं ना' से की थी, जिसमें शाहरुख मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों ने भी पसंद किया था। इसके बाद दोनों की यह जोड़ी 2007 में 'ओम शांति ओम' के लिए साथ फिर से बड़े पर्दे पर लौटी, जिसे भी लोगों ने प्यार दिया था। इस फिल्म से दीपिका पादुकोण ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। आखिरी बार दोनों 'हैप्पी न्यू ईयर' में दिखे थे।

वर्कफ्रंट

शाहरुख की आगामी फिल्में

शाहरुख ने 'पठान' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी की थी, जो हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनर बनकर उभरी। फिल्म ने दुनियाभर में 1000 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था। अब शाहरुख 'जवान' में नयनतारा के साथ नजर आएंगे। यह फिल्म 7 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसी तरह 'डंकी' में उनकी जोड़ी तापसी पन्नू के साथ है, जो साल के अंत में रिलीज होगी। वह सलमान खान के साथ 'टाइगर बनाम पठान' का भी हिस्सा हैं।