LOADING...
... जब संजय दत्त को था अपने एनकाउंटर का डर, पूर्व जेल अफसर ने किया खुलासा
जब संजय दत्त को था एनकाउंटर का डर

... जब संजय दत्त को था अपने एनकाउंटर का डर, पूर्व जेल अफसर ने किया खुलासा

Nov 24, 2023
04:51 pm

क्या है खबर?

संजय दत्त बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और सफल अभिनेताओं में से एक हैं। फिल्मों में उनके किरदार जितने पसंद किए गए, उनकी निजी जिंदगी भी उतनी चर्चा में रही। 1993 मुंबई बम धमाकों में उन पर लगे आरोप और जेल में बिताया समय उनके जीवन के सबसे मुश्किल दौर में से एक है। संजय की सजा के वक्त मीरान चड्ढा जेल पुलिस निदेशक थीं। अब उन्होंने जेल में संजय की सजा के दौरान पुलिस पर लगे आरोपों बात की है।

खबर

मीरान ने आरोपों को किया खारिज

एक पॉडकास्ट में मीरान ने इस मामले से जुड़े विवादों पर जवाब दिया है। पुलिस प्रशासन पर संजय को VIP सेवाएं देने का आरोप लगा था। मीरान ने नए इंटरव्यू में इसे खारिज किया है। उन्होंने कहा, "मीडिया हम पर आरोप लगा रही थी कि हम संजय को विशेष सुविधाएं दे रहे हैं, जो कि हम नहीं दे रहे थे।" मीरान ने यह भी बताया कि जेल में संजय का व्यवहार अच्छा था क्योंकि उनकी पैरोल इस पर निर्भर थी।

घर का खाना  

क्या संजय को विशेष रूप से दिया गया घर का खाना?

पुलिस पर संजय को घर का खाना देने का आरोप लगा था। इस पर मीरान ने कहा, "यह विवाद नहीं, तथ्य है। जब संजय अर्थर रोड जेल में थे, उनका मामला विचाराधीन था और उन्हें घर का खाना दिए जाने की अनुमति थी। दोषी करार दिए जाने पर उन्हें यरवदा जेल ले जाया गया था। मजिस्ट्रेट ने उन्हें घर का खाना देने का आदेश दिया था। तब हमने इस आदेश को चुनौती दी थी क्योंकि वह आदेश गलत था।"

डर 

संजय को था एनकाउंटर का डर

मीरान ने एक किताब भी लिखी है। उन्होंने अपनी किताब में लिखा है कि जब संजय को अर्थर रोड जेल से यरवदा जेल ले जाया जाना था, तब संजय इतना घबरा गए थे कि उन्हें लगने लगा था कि रास्ते में उनका एनकाउंटर हो जाएगा। उन्हें पसीना आने लगा था। किसी ने संजय को ले जाने की सूचना लीक कर दी थी और जेल के बाहर भीड़ लग गई थी। इस वजह से उस दिन योजना स्थगित करनी पड़ी थी।

संजय का खुलासा

संजय ने कही थी यह बात

इससे पहले एक कार्यक्रम में संजय ने अपने जेल के दिनों पर बात की थी। शेफ रणवीर बरार के शो में उन्होंने कहा था, "मुझे जेल से मोहलत नहीं मिलने वाली थी, तो इसके बारे ज्यादा क्यों सोचना। मैंने खुद को इसका सामना करने के लिए तैयार किया। जेल में मैंने खाना पकाना, मूर्ति बनाना सीखा था और खूब कसरत की थी। मैं एक बेहतर मानसिक अवस्था में बाहर आया था।"

जानकारी

संजय पर थे ये आरोप

1993 में संजय पर अवैध हथियार रखने के आरोप लगे थे। इस मामले में उन्हें 5 साल की सजा भी हुई थी। 2018 में राजकुमार हिरानी ने संजय की बायोपिक बनाई थी, जिसमें रणबीर कपूर ने उनका किरदार निभाया था।