
कोरोना वायरस की जटिलताओं के कारण संभावना सेठ के पिता का हुआ निधन
क्या है खबर?
देश कोरोना वायरस की दूसरी लहर का सामना कर रहा है। वर्तमान में आम से लेकर खास शख्सियत तक महामारी से प्रभावित हुए हैं।
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच कई लोगों ने अपनों को खो दिया है। अब जानकारी सामने आ रही है कि कोरोना वायरस की जटिलताओं के कारण अभिनेत्री संभावना सेठ के पिता का 8 मई को निधन हो गया है।
संभावना के सोशल मीडिया हैंडल पर इस बात की जानकारी दी गई है।
जानकारी
कार्डियक अरेस्ट के बाद संभावना के पिता का हुआ देहांत
कार्डियक अरेस्ट होने के बाद संभावना के पिता का देहांत हुआ है। कुछ दिन पहले ही संभावना के पिता एसके सेठ की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
संभावना के इंस्टाग्राम हैंडल पर उनके पति और अभिनेता अविनाश द्विवेदी ने इस दुखद खबर की जानकारी शेयर की है।
संभावना के इंस्टाग्राम पोस्ट में अविनाश ने लिखा, 'आज शाम 5: 37 बजे संभावना ने कोरोना वायरस से संक्रमित अपने पिता को कार्डियक अरेस्ट के बाद खो दिया है।'
सूचना
हाल में पिता के लिए दिल्ली में बेड ढूढ़ रही थीं संभावना
इस पोस्ट में फैंस को संभावना के दिवंगत पिता के लिए प्रार्थना करने की अपील की गई है।
हाल में संभावना ने बताया था कि वह अपने पिता के कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में बेड ढूढ़ रही हैं।
संभावना ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा था, 'क्या कोई मुझे दिल्ली के पीतमपुरा के पास 'जयपुर गोल्डन हॉस्पिटल' में बेड दिलवाने में मदद कर सकता है? मेरे पिता कोविड पॉजिटिव हैं और उन्हें तुरंत बेड़ की जरूरत है।'
मदद
कोरोना काल में मदद में लगे रहते हैं संभावना और अविनाश
संभावना ने आजतक को बताया था, "मेरे पिता भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हम कहीं जा नहीं जा सकते और चाहते हुए भी लोगों की मदद नहीं कर सकते। सारा दिन हम अपनी क्षमता के हिसाब से कोरोना के मरीजों की मदद करने की कोशिश में जुटे रहते हैं।"
मालूम हो कि संभावना और उनके पति अविनाश कोरोना काल में लोगों की मदद करने में लगे हैं।
करियर
इन फिल्मों में दिखी हैं संभावना
संभावना वर्तमान में अपने पति अविनाश के साथ मुंबई में रहती हैं। 'बिग बॉस 2' से संभावना को विशेष लोकप्रियता मिली थी। इस अभिनेत्री को हिन्दी सहित कई भोजपुरी फिल्मों में देखा गया है।
उन्होंने 'पागलपन' नामक फिल्म से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। फिल्म '36 चाइना टाउन' और हिट ट्रैक 'आशिकी में तेरी' से संभावना ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
यह अभिनेत्री 'संभावना सेठ एंटरटेनमेंट' नामक खुद की यूट्यूब चैनल चलाती हैं।
कोरोना वायरस
देश में कोरोना वायरस के हालात
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 4,03,738 नए मामले सामने आए और 4,092 मरीजों की मौत हुई। देश में कुछ दिनों से रोजाना चार लाख से अधिक लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं।
सक्रिय मामलों की संख्या 37,36,648 हो गई है। नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 53,605 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 864 मरीजों की मौत हुई।
बीते कुछ दिनों से यहां दैनिक मामलों की संख्या करीब स्थिर बनी हुई है।