LOADING...
सलमान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली ने सुनाई आपबीती, कहा- बचपन में हुआ यौन शोषण

सलमान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली ने सुनाई आपबीती, कहा- बचपन में हुआ यौन शोषण

Mar 13, 2021
12:31 pm

क्या है खबर?

सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। 90 के दशक में दोनों के अफेयर ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, कुछ ही समय बाद दोनों का रिश्ता टूट गया था। हाल ही में सोमी ने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसे सुन कोई भी हैरान रह जाएगा। उन्होंने बताया कि बचपन में उनके साथ तीन बार यौन शोषण हुआ। आइए जानते हैं सोमी ने इस बारे में और क्या कुछ कहा।

जानकारी

कौन हैं सोमी?

सोमी पाकिस्तान में पैदा हुई थीं। वह अक्षय कुमार की फिल्म 'खिलाड़ी' में नजर आई थीं। उन्होंने 'किशन गद्दार', 'माफिया' और 'आंदोलन' जैसी कई फिल्मों में काम किया है। हालांकि, वह कहती हैं कि अब फिल्मों में उनकी कभी कोई दिलचस्पी नहीं रही।

खुलासा

माता-पिता के कहने पर सोमी ने छिपाए रखा यह राज

44 वर्षीय सोमी ने पीपींग मून से कहा, "मेरा पहला यौन शोषण पांच साल की उम्र में पाकिस्तान में हुआ था। नौ साल की उम्र में फिर ऐसी ही घटना हुई और फिर 14 की उम्र में भी। मेरे माता-पिता ने मुझसे कहा था कि बेटा यह किसी को बताना नहीं।" सोमी ने आगे कहा, "मैं सोचती थी कि क्या मैंने कुछ गलत किया? मैं खुद को कोसती थी कि मैंने अपने माता-पिता को क्यों बताया।"

काम

घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं की मदद के लिए NGO चलाती हैं सोमी

बॉलीवुड में सोमी की पहचान सलमान की हीरोइन बनकर और उनके साथ अपने रिश्ते को लेकर बनी। उनकी एक पहचान यह भी है कि वह 'नो मोर टीयर्स' नाम से एक NGO (गैर सरकारी संस्था) चलाती हैं। यह संस्था दुष्कर्म और प्रताड़ना की शिकार महिलाओं को आश्रय देती है। 2007 में सोमी ने इस संस्था की शुरुआत की थी। पिछले 14 सालों में उनकी संस्था ने हजारों महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है।

बयान

सोमी को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपतियों से मिल चुका है पुरस्कार

सोमी ने एक इंटरव्यू में बताया था, "मैंने नौवीं में अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी। 'नो मोर टीयर्स' के जरिए कई जिंदगियां बचाने के लिए पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और जॉर्ज बुश ने हमें पुरस्कार से नवाजा था।"

दीवानगी

सलमान से शादी करने के लिए मुंबई पहुंच गई थीं सोमी

एक इंटरव्यू में सोमी ने कहा था, "मैंने 16 साल की उम्र में सलमान की फिल्म 'मैंने प्यार किया' देखी थी। इस फिल्म में सलमान को देख मैंने सोच लिया कि मुझे इसी शख्स से शादी करनी है। फिर मैंने मां से भारत जाने की बहुत जिद की।" सोमी ने कहा, "मुंबई में अपने एक रिश्तेदार से मिलने और ताजमहल देखने का बहाना बनाकर मैंने भारत जाने के लिए अपने माता-पिता को राजी कर लिया। फिर मैं मुंबई पहुंच गई।"

ब्रेकअप

ऐश्वर्या की वजह से अलग हुईं सलमान और सोमी की राहें

एक पुराने इंटरव्यू में सोमी ने कहा था कि सलमान उनके पहले बॉयफ्रेंड थे, लेकिन ऐश्वर्या राय बच्चन बीच में आईं और उनका रिश्ता टूट गया। बकौल सोमी, "सलमान की तरफ मैं तब आकर्षित हुई थी, जब मैं टीनेजर थी। सलमान से शादी करने की वजह से ही मैं फिल्मों में आई।" बता दें कि 1997 में सलमान की नजदीकियां 'हम दिल दे चुके सनम' के सेट पर ऐश्वर्या से बढीं तो सोमी के साथ उनका ब्रेकअप हो गया।

बयान

सलमान की गर्लफ्रेंड के रूप में पहचाना जाना पसंद नहीं- सोमी

सोमी का कहना है कि सलमान की गर्लफ्रेंड के रूप में पहचाना जाना उन्हें पसंद नहीं। उन्होंने कहा, "अफसोस होता है, इसलिए नहीं कि सलमान बुरे इंसान हैं, इसलिए कि भारत का मेरे साथ ताल्लुक है, वह सिर्फ सलमान और मेरे रिश्ते तक का है।"