सलमान खान का अगला बड़ा धमाका, '7 डॉग्स' में हॉलीवुड सितारों संग दिखेगा खास अंदाज; संजय दत्त भी होंगे साथ
सलमान खान ने अपनी नई फिल्म '7 डॉग्स' की भारत में रिलीज की तारीख का ऐलान कर दिया है। यह अरबी एक्शन थ्रिलर फिल्म 21 अगस्त, 2026 को भारतीय सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
सलमान ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का टीजर साझा करते हुए लिखा, 'सबसे बड़े मिशन की गिनती शुरू हो गई है।' बिलल फल्लाह और आदिल एल अरबी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने इस साल की शुरुआत में मध्य पूर्व के बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था।
'7 डॉग्स' ये होगा सलमान का किरदार
'7 डॉग्स' की कहानी एक इंटरपोल एजेंट और एक अपराधी के इर्द-गिर्द घूमती है। ये दोनों मिलकर एक बड़े ड्रग रैकेट का पर्दाफाश करते हैं।
फिल्म में मिस्र के जाने-माने सितारे करीम अब्देल अजीज और अहमद एज के साथ-साथ मोनिका बेलुची और जियानकार्लो एस्पोसिटो जैसे बड़े हॉलीवुड कलाकार भी हैं।
भारतीय दर्शकों के लिए अच्छी खबर यह है कि सलमान भी फिल्म में एक छोटा, लेकिन दमदार किरदार निभाते दिखेंगे, वहीं संजय दत्त भी खास भूमिका में नजर आएंगे।
हाल ही में सलमान ने संजय को 'संजू बाबा' कहकर उनके प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया था।