साजिद नाडियाडवाला ने किया अहान शेट्टी संग फिल्म का ऐलान, 'तड़प' के बाद फिर आए साथ
क्या है खबर?
सुनील शेट्टी के बेटे और अभिनेता अहान शेट्टी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी में चल रही उथल-पुथल को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं।
इसी बीच अब अहान ने निर्माता साजिद नाडियाडवाला के साथ एक फिल्म के लिए हाथ मिलाया है। दोनों 2021 में अहान की पहली फिल्म 'तड़प' के बाद दूसरी बार साथ आ रहे हैं।
नाडियाडवाला ने आज यानी 28 दिसंबर को अहान के जन्मदिन के मौके पर अपनी इस फिल्म का ऐलान किया है।
ऐलान
नाडियाडवाला ने पोस्ट साझा कर दी जानकारी
नाडियाडवाला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अहान के साथ तस्वीर साझा कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और फिल्म जल्द शुरू करने की बात कही।
उन्होंने लिखा, 'अहान आपको जन्मदिन की बहुत शुभकामनाएं। हम बहुत ही उत्साहित हैं और अगले महीने आपके द्वारा हमारे प्यार के उपहार को खोलने का इंतजार नहीं कर सकते। जैसे कि हम एक और फिल्म के साथ मील का पत्थर हासिल करने की यात्रा शुरू कर रहे हैं तो चलिए अब जश्न शुरू करते हैं।'
बजट
75 करोड़ होगा फिल्म का बजट
ईटाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में अहान के साथ बॉलीवुड की एक प्रमुख अभिनेत्री को कास्ट करने पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा फिल्म का बजट 75 करोड़ रुपये रखा गया है।
हालांकि, अभी फिल्म के निर्माताओं की ओर से फिल्म के जुड़ी ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।
मालूम हो कि 'तड़प' में अहान की जोड़ी तारा सुतारिया के साथ बनी थी, लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना कमाल नहीं दिखा पाई थी।
फिल्म
'तड़प' के बाद अब वापसी कर रहे अहान
अहान की रोमांटिक-एक्शन ड्रामा फिल्म 'तड़प' हिट तेलुगु फिल्म 'RX 100' की रीमेक थी।
इस फिल्म में अपने किरदार के लिए अहान ने 11 किलो वजन बढ़ाया था और वह दिन में 11 से 12 बार खाना खाते थे।
फिल्म में अहान के अभिनय और एक्शन की तारीफ हुई थी, लेकिन कहानी ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाई थी।
इसके बाद अहान किसी भी फिल्म का हिस्सा नहीं बने और अब 'तड़प' के निर्माता के साथ पर्दे पर लौट रहे हैं।
विस्तार
11 साल बाद गर्लफ्रेंड से अलग हुए अहान
इसके अलावा अहान अपने ब्रेकअप की वजह से भी चर्चा में बने हुए हैं। कहा जा रहा है कि अहान और उनकी गर्लफ्रेंड तानिया श्रॉफ 11 साल साथ रहने के बाद अब अलग हो गए हैं।
दोनों अक्सर साथ नजर आते थे, लेकिन अब कुछ महीनों पहले उन्होंने अपना रिश्ता तोड़ दिया है और आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
मालूम हो कि तान्या फैशन डिजाइनर हैं और उनके माता-पिता जयदेव और रोमिला श्रॉफ उद्योगपति हैं।