सैफ अली खान ने किराए पर दीं अपनी आलीशान संपत्तियां, 5 साल के लिए हुआ सौदा
क्या है खबर?
बॉलीवुड के 'नवाब' सैफ अली खान ने रियल एस्टेट के क्षेत्र में एक बड़ा सौदा किया है। उन्होंने मुंबई के अंधेरी कुर्ला रोड पर स्थित अपनी 2 व्यावसायिक यूनिट (संपत्तियों) को किराए पर उठा दिया है। सीआरई मैट्रिक्स द्वारा प्राप्त संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों के अनुसार, दोनों संपत्तियां 5,692 वर्ग फुट के आरईआरए कारपेट एरिया में फैली थीं, जिन्हें 22.76 लाख रुपये के मासिक किराए पर लीज पर दिया गया है। यह सौदा दुर्वा फिनटेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ किया गया।
पंजीकरण
पिछले महीने संपत्ति का पंजीकरण किया गया
दस्तावेजों के अनुसार, लीव एंड लाइसेंस समझौता 29 सितंबर, 2026 को पंजीकृत हुआ था। इसकी अवधि 10 मई, 2026 से 9 मई, 2031 तक, यानी 5 साल के लिए है।
किराए पर ली गई जगह में अंधेरी पूर्व के चकाला में स्थित कनकिया वॉल स्ट्रीट नामक इमारत की ऊपरी मंजिल पर व्यावसायिक इकाइयां शामिल हैं।
समझौते में 5,692 वर्ग फुट के कुल क्षेत्रफल के लिए 22.77 लाख का मासिक किराया निर्धारित है, जबकि 2.36 करोड़ रुपये सुरक्षा जमा राशि है।
अन्य विवरण
2 महीने की किराया मुक्त अवधि दी गई
समझौते के अनुसार, किराएदार को 10 मई से 9 जुलाई, 2026 तक 2 महीने की किराया-मुक्त अवधि दी गई है, जिससे वह 10 जुलाई, 2026 से किराया शुरू होने की तारीख से पहले फिट-आउट का काम पूरा कर सके।
वहीं, मासिक किराया 5 साल की अवधि के हिसाब से प्रतिवर्ष 5 प्रतिशत की दर से बढ़ेगा।
इसके अलावा, 60 महीने की अवधि में देय कुल किराया करीब 14 करोड़ रुपये से ज्यादा है, जिसमें GST शामिल नहीं है।