Page Loader
रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज, किया 11 करोड़ रुपये का घोटाला
रेमो डिसूजाऔर उनकी पत्नी पर धाेखाधड़ी का मामला दर्ज (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@remodsouza)

रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज, किया 11 करोड़ रुपये का घोटाला

Oct 19, 2024
05:59 pm

क्या है खबर?

जाने-माने कोरियोग्राफर और निर्देशक रेमाे डिसूजा से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, उनके साथ-साथ उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। ये मामला धोखाधड़ी का बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेमो ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर करोड़ों रुपये का घोटाला किया है। महाराष्ट्र के एक डांस ग्रुप ने ये केस किया है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला और रेमो पर क्या आरोप लगे हैं।

मामला

7 लोगों पर दर्ज की गई FIR

करीब 8 साल पहले कोरियोग्राफर और निर्देशक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था, जिस पर अभी तक सुनवाई चल रही है। अब उनके खिलाफ एक और केस दर्ज हो गया है। रेमो पर हाल ही में फिर से धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। इस बार कानूनी पचड़े में उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा भी फंस गई हैं। रेमो और लिजेल समेत 7 लोगों के खिलाफ मुंबई के मीरा रोड स्थित पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है।

धोखाधड़ी

लगभग 12 करोड़ रुपये की जालसाजी 

PTI के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि 26 साल की डांसर की शिकायत के आधार पर 16 अक्टूबर को महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मीरा रोड पुलिस स्टेशन में रेमो, उनकी पत्नी लिजेल और 5 अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 465 (जालसाजी), 420 (धोखाधड़ी) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया। इस मामले में 11.96 करोड़ रुपये की जालसाजी की बात सामने आ रही है।

खुलासा

रेमो ने किया इनामी राशि देने का झूठा वादा

FIR के मुताबिक, शिकायतकर्ता और उनके ग्रुप को साल 2018 और जुलाई 2024 के बीच धोखा दिया गया। शिकायत के मुताबिक ग्रुप ने एक टीवी शो में प्रदर्शन किया और जीत हासिल की। आरोपियों ने ऐसा दिखावा किया कि जैसे कि ग्रुप उनका है और 11.96 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलने वाली है, लेकिन ग्रुप को यह जीती हुई रकम मिली नहीं। हालांकि, अभी इस बाबत रेमो की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल, पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।

धाेखाधड़ी

पहले भी धोखाधड़ी के मामले में फंस चुके हैं रेमो

बता दें कि 8 साल पहले भी रेमो के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी, जिसमें शिकायतकर्ता ने दावा किया था कि उन्होंने एक फिल्म बनाने के लिए उनसे 5 करोड़ रुपये लिए थे और फिल्म की रिलीज के बाद 10 करोड़ रुपये लौटाने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने रकम नहीं लौटाई। इसी साल अगस्त में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रेमो को राहत देने वाली याचिका को खारिज कर दिया था। यह मामला अब भी कोर्ट में हैे।

जानकारी

कोरियोग्राफ होने के साथ शो में जज बनकर भी मशहूर हुए रेमो

कोरियोग्राफर होने के साथ रेमो ने कई रियलिटी शो जज भी किए हैं। वह 'डांस इंडिया डांस', 'झलक दिखला जा', 'डांस के सुपरस्टार्स', 'डांस चैंपियंस', 'इंडियाज बेस्ट डांसर', 'DID ​​लिटिल मास्टर' और 'DID ​​सुपर मॉम्स' जैसे शो में जज की कुर्सी संभाल चुके हैं।