Page Loader
3 ब्लॉकबस्टर, 1 हिट और 1 फ्लॉप; रश्मिका मंदाना की पिछली 5 फिल्मों का लेखा-जोखा
रश्मिका मंदाना की पिछली 5 फिल्मों का हाल (तस्वीर: एक्स/@rashfannn09)

3 ब्लॉकबस्टर, 1 हिट और 1 फ्लॉप; रश्मिका मंदाना की पिछली 5 फिल्मों का लेखा-जोखा

Mar 29, 2025
07:11 pm

क्या है खबर?

रश्मिका मंदाना इन दिनों खूब चर्चा में हैं और हों भी क्यों न, सलमान खान के साथ उनकी फिल्म 'सिकंदर' जो रिलीज होने वाली है। यह पहला मौका है, जब रश्मिका को सलमान के साथ पर्दे पर देखा जाएगा और इसे लेकर वह खुद भी बेहद उत्साहित हैं। रश्मिका को उम्मीद है कि उनकी यह फिल्म सुपर-डुपरहिट होगी। आइए 'सिकंदर' की रिलीज से पहले उनकी पिछली 5 फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर हाल जान लेते हैं।

#1

'गुडबाय' (2022) 

रश्मिका ने 'गुडबाय' के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म में उन्होंने अमिताभ बच्चन की बेटी का किरदार निभाया था और नीना गुप्ता उनकी मां बनी थीं। फिल्म की कहानी और रश्मिका के अभिनय को यूं तो समीक्षकाें ने सराहा था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म फ्लॉप हाे गई थी। साल 2022 में आई 'गुडबाय' का बजट 25 करोड़ रुपये था और यह भारत में 7 करोड़ रुपये भी नहीं कमा पाई थी। ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर है।

#2

'वारिसु' (2023)

साल 2023 में थलापति विजय के साथ आई रश्मिका की फिल्म 'वारिसु' ने बॉक्स ऑफि पर धमाल मचाया था। यह एक फैमिली मसाला एंटरटेनर फिल्म है। एक ओर जहां इसकी कहानी ने दर्शकों का दिल जीता, वहीं रश्मिका और विजय की जोड़ी भी खूब जमी। 180 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में लगभग 208 करोड़ रुपये कमाए थे। सिनेमाघरों के बाद अमेजन प्राइम वीडियो पर आई रश्मिका की ये फिल्म हिट थी।

#3

'एनिमल' (2023)

रश्मिका को भले ही फिल्म 'एनिमल' के लिए मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली हो, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर उनकी ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म बनी। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रश्मिका क जोड़ी रणबीर कपूर के साथ बनी थी। बॉबी देओल फिल्म में विलेन बने थे। 150 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने भारत में लगभग 551 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है।

#4

'पुष्पा 2: द रूल' (2024) और 'छावा' (2025)

साल 2024 में रश्मिका ने अल्लू अर्जुन के साथ मिलकर 'पुष्पा 2: द रूल' के जरिए बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा दी। इसने भारत में 1,234 करोड़ और दुनियाभर में 1,742 करोड़ रुपये की कमाई की। यह भारतीय सिनेमा की सबसे कमाऊ फिल्म बनकर उभरी है। ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर है। उधर 2025 में रश्मिका एक और ब्लॉकबस्टर 'छावा' लेकर आईं। 130 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म भारत में 590 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है।