
रैपर रफ्तार भी हुए कोरोना पॉजिटिव, बोले- तकनीकी खराबी के कारण हो सकती है ये रिपोर्ट
क्या है खबर?
कोरोना वायरस के मामले हर दिन बढ़ते जा रहे हैं। जहां एक ओर इसे रोकना मुश्किल होता जा रहा है, वहीं छोटी सी लापरवाही से भी लोग इस महामारी की चपेट में आ रहे हैं।
अब खबर आई है कि मशहूर रैपर रफ्तार की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि, उनमें इस महामारी के कोई लक्षण नहीं है, लेकिन उन्होंने एहतियात बरते हुए और डॉक्टर्स की सलाह पर खुद को घर में ही क्वारंटीन कर लिया है।
पुष्टि
रैपर ने खुद की कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि
रफ्तार ने खुद अपने कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की है।
उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो में बताया, 'मुझे 'रोडीज' पर जाना था और वहां जाने के लिए कोरोना टेस्ट किए गए थे जिसमें दो टेस्ट नेगेटिव आए जबकि आज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।'
उन्होंने आगे बताया, 'अब BMC ने मुझे घर पर ही खुद को आइसोलेट करने के लिए कहा है। लेकिन हमें लगता है कि तकनीकि खराबी है क्योंकि मैं बिल्कुल स्वस्थ महसूस कर रहा हूं।'
जानकारी
फैंस को भी ध्यान रखने की सलाह
रफ्तार ने कहा कि कुछ भी होगा तो वह बताएंगे, लेकिन एहतियात के तौर पर क्वारंटीन रहना उनकी ड्यूटी है। रफ्तार ने बताया कि वह अपना अच्छी तरह ख्याल रख रहे हैं। उन्होंने अपने सभी फैंस को भी सावधान बरतने के लिए कहा है।
वर्क फ्रंट
इन प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं रफ्तार
रफ्तार के करियर की बात करें तो इन दिनों वह MTV के रियलिटी शो 'रोडीज' में टीम लीडर के तौर पर नजर आ रहे हैं। इसमें उनके साथ नेहा धूपिया, निखिल, प्रिंस नरुला और रणविजय भी दिख रहे हैं।
इसके अलावा रफ्तार अब निर्माता के तौर पर भी अपने करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस समय वह नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अभिनय से सजी एक फिल्म की तैयारी में हैं। जिसकी फिलहाल टाइटल तय नहीं हो पाया है।
आंकड़े
24 घंटे में कोरोना ने फिर पार किया 80,000 का आंकड़ा
कोरोना वायरस हर दिन देश में पैर पसारता जा रहा है। देशभर में पिछले 24 घंटे में कुल 89,706 नए मामले सामने आए है। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 43,70,128 हो चुकी है। जबकि 73,890 लोगों को अपनी जान गवानी पड़ी है।
भारत के सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य महाराष्ट्र की बात करें तो अब तक 9,23,641 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। जबकि 27,027 लोगों की इस महामारी से मौत हो गई है।