रणवीर शौरी को क्यों मिली जान से मारने की धमकी? मुंबई पुलिस ने संभाला मोर्चा
क्या है खबर?
सोशल मीडिया पर वैचारिक मतभेदों के चलते अक्सर चर्चा में रहने वाले अभिनेता रणवीर शौरी ने अपनी जान को खतरे की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि विरोधी विचारधारा के लोगों द्वारा उनके ईमेल पर लगातार धमकियां मिल रही हैं। मंगलवार को रणवीर ने अपने एक्स हैंडल पर एक लंबा पोस्ट साझा करते बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुंबई पुलिस और साइबर सेल में आधिकारिक शिकायत दर्ज करा दी है।
धमकी
चुनाव आयोग से जुड़े विरोध के बीच मिली थी धमकी
रणवीर ने अपने पोस्ट में लिखा, 'आधिकारिक शिकायत दर्ज करा दी गई है। अब मामला मुंबई पुलिस के पास है। चिंता जताने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।'
इससे पहले भी निजी जानकारी लीक होने और धमकियां मिलने पर उन्होंने पुलिस का धन्यवाद किया था। ये मामला तब गरमाया, जब ऑनलाइन संगठन कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में अपना विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया।
चेतावनी
धमकी देने वाले ने क्या कहा?
मुंबई पुलिस ने रणवीर से निजी संदेश में उनकी संपर्क जानकारी मांगी। अभिनेता ने धमकी वाले ईमेल के स्क्रीनशॉट एक्स पर शेयर करके पुलिस और साइबर सेल से मदद मांगी। राज परिहार नाम के व्यक्ति ने ईमेल में गंदी भाषा का इस्तेमाल किया और लिखा कि वह रणवीर की हर हलचल पर नजर रख रहा है।
ईमेल में ये भी धमकी दी गई कि सही मौका मिलते ही उन पर हमला कर दिया जाएगा।
प्रदर्शन
चुनाव आयोग के SIR के खिलाफ युवाओं का प्रदर्शन
युवाओं के इस आंदोलन का विरोध चुनाव आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) को लेकर है, जिसमें लाखों मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप है।
हालांकि, चुनाव आयोग और भाजपा ने गड़बड़ी के आरोपों को खारिज किया है। इससे पहले 10 अक्टूबर को CJP संस्थापक अभिजीत दिपके और साथी नेता जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त करते हुए प्रशासन ने कई अन्य प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया।