'डॉन 3' विवाद में रणवीर सिंह का कड़ा रुख, IMPPA को दी कानूनी एक्शन की चेतावनी
क्या है खबर?
रणवीर सिंह से जुड़ा 'डॉन 3' विवाद फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा। अब अभिनेता की कानूनी टीम ने इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) को सीधी चेतावनी देकर मामले से दूर रहने को कहा है। टीम ने कहा कि IMPPA के पास इस विवाद का फैसला करने का अधिकार नहीं है। अगर रणवीर के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई हुई, तो उन्हें कानूनी मुश्किलों का सामना करना होगा। टीम ने एसोसिएशन से शिकायत वापस लेने को कहा है।
बैठक
अभिनेता की कानूनी टीम ने पत्र भेजकर दी चेतावनी
हाल ही में, रणवीर के पिता, जगजीत सिंह भवनानी ने IMPPA अधिकारियों से मुलाकात करके 45 करोड़ के दावे को चुनौती देने वाले दस्तावेज सौंपे थे।
दरअसल, निर्माताओं ने कथित 45 करोड़ रुपये का नुकसान बताते हुए रणवीर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद IMPPA विवाद में शामिल हुआ।
मिड-डे के मुताबिक, रणवीर की कानूनी टीम ने IMPPA को एक औपचारिक पत्र सौंपा और स्पष्ट किया कि अभिनेता व निर्माताओं के बीच कोई लिखित अनुबंध नहीं हुआ था।
अधिकार
निर्माताओं के पास शिकायत करने का आधार नहीं
सूत्रों के अनुसार, 18 अगस्त को हुई बैठक में रणवीर की कानूनी टीम ने स्पष्ट किया कि 'डॉन 3' निर्माताओं के पास शिकायत करने का कोई आधार नहीं है।
उन्होंने कहा कि अगर फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी चाहें तो वे मामले को कोर्ट में ले जा सकते हैं। इसके अलावा, अगर IMPPA कोई प्रस्ताव पारित करता है, तो रणवीर कानूनी रास्ता अपनाएंगे।
बता दें, 'डॉन 3' का निर्माण फरहान की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा किया जा रहा था।