रणबीर कपूर ने की यश की तारीफ, बोले- 'KGF देखी और उनका बड़ा फैन बन गया'
क्या है खबर?
'रामायण' के हैदराबाद में हुए प्री-लॉन्च कार्यक्रम में रणबीर कपूर ने अपने सह-अभिनेता यश की जमकर तारीफ की है। उन्होंने बताया कि फिल्म 'KGF' देखने के बाद वह यश के फैन बन गए थे। इसके साथ ही रणबीर ने यश की फिल्म निर्माण की गहरी समझ की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें लेखन, कहानी सुनाने, अभिनय, निर्देशन और फिल्म निर्माण जैसे हर पहलू की काफी अच्छी समझ है।
मुलाकात
कब हुई थी रणबीर की यश से मुलाकात?
रणबीर ने कहा, "मैंने पहली बार यश को फिल्म 'KGF' में देखा था। 'KGF' देखने के बाद मैं उनका बहुत बड़ा फैन बन गया था। फिर एक दिन गोवा में मेरी उनसे मुलाकात हुई, जब मैं और नमित वहां गए थे। उस समय वह वहां पर अपनी एक फिल्म की लोकेशन की जांच कर रहे थे। तब मुझे एहसास हुआ कि वह सिर्फ एक सुपरस्टार या अभिनेता ही नहीं हैं, बल्कि एक 'सिनेमा मैन' हैं।"
तारीफ
रणबीर ने की यश की जमकर तारीफ
रणबीर ने आगे कहा, "यश को पता है कि फिल्म कैसे बनाई जाती है। मैं सच में हैरान था, क्योंकि 'रामायण' की शूटिंग के दौरान भी वह अपने होम प्रोडक्शन पर काम कर रहे थे। जिस जुनून के साथ वह काम करते हैं, वैसा मैंने बहुत कम लोगों में देखा है। यश, मेरे मन में आपके लिए बहुत सम्मान है। मुझे बहुत खुशी है कि मुझे आपके साथ स्क्रीन साझा करने का मौका मिला। बहुत-बहुत धन्यवाद।"
रिलीज
कब रिलीज होगी फिल्म 'रामायण'?
रणबीर की यह तारीफ ऐसे समय में आई है, जब दोनों अभिनेता 'रामायण' में एक साथ नजर आने वाले हैं। इसमें रणबीर 'राम' की भूमिका निभाएंगे, जबकि यश 'रावण' का किरदार निभाएंगे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 2 भाग में रिलीज होगी। इसका पहला भाग 5 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान आएगा।