'रामायण' में राम बनना रणबीर कपूर के लिए क्यों रहा खास? अभिनेता ने खुद किया खुलासा
क्या है खबर?
रणबीर कपूर ने अपनी आगामी फिल्म 'रामायण भाग 1' में भगवान राम का किरदार निभाने को अपने करियर का सबसे भावनात्मक अनुभव बताया है। उन्होंने कहा कि इस भूमिका ने उन्हें उन मूल्यों की याद दिलाई, जिन्हें आज की दुनिया में फिर से अपनाने की जरूरत है। रणबीर को उम्मीद है कि फिल्म देखने के बाद दर्शक सिनेमाघरों से एक गहरा भावनात्मक अनुभव लेकर लौटेंगे, जो आम फिल्मों से अलग होगा।
तारीफ
रणबीर ने की फिल्म 'रामायण' की तारीफ
रणबीर ने कहा, "कुछ कहानियां सिर्फ सुनाई नहीं जातीं, बल्कि वह हमारे भीतर गहराई तक बसी होती हैं। रामायण भी एक ऐसी ही कहानी है। प्रभु श्री राम का किरदार निभाना मेरे लिए एक बेहद भावनात्मक सफर रहा है। इसने मुझे याद दिलाया कि असल में ताकत, साहस, करुणा और क्षमा का क्या अर्थ होता है। अपने कर्तव्यों का पालन करना, दिल में कृतज्ञता रखना और हमेशा सही रास्ते को चुनना, यही तो है।"
उम्मीद
रणबीर को फिल्म से हैं यह उम्मीदें
रणबीर ने आगे कहा, "मुझे उम्मीद है कि जब आप इसे देखेंगे, तब आप सिर्फ एक फिल्म नहीं देखेंगे, आप कुछ महसूस कर पाएंगे। मुझे उम्मीद है कि आप उन सभी कहानियों को याद कर पाएंगे जो आपके दादा-दादी और नाना-नानी ने आपको सुनाई थीं। उन मूल्यों को, जो आपके माता-पिता ने आपको सिखाए थे और आप उस अच्छाई को याद कर पाएंगे जो हम सभी के भीतर मौजूद है।"
सराहना
रणबीर ने की यश की सराहना
रणबीर ने सह-कलाकार यश के बारे में बात करते हुए कहा, "वह अपने परिवार और बच्चों को छोड़कर किसी दूसरे शहर में रह रहे, अपने शहर से दूर थे। सच कहूं तो, मैंने किसी और को उनके जितनी कड़ी मेहनत करते नहीं देखा है। उनके जैसा कोई नहीं है और न ही उनके जैसा कोई और होगा।"
बता दें फिल्म 'रामायण' का पहला भाग 5 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा।