Page Loader
रजनीकांत की सफलता में है अमिताभ बच्चन का योगदान, सुपरहिट फिल्मों के रीमेक से बने मेगास्टार

रजनीकांत की सफलता में है अमिताभ बच्चन का योगदान, सुपरहिट फिल्मों के रीमेक से बने मेगास्टार

Oct 04, 2020
07:30 pm

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत को साउथ में भगवान का दर्जा दिया गया है। उनकी फिल्में फैंस के लिए उत्सव से कम नहीं होती। फैंस सिनेमाघरों के बाहर ढोल-नगाड़ों के साथ उनकी फिल्मों का स्वागत करते हैं। हालांकि, उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का भी योगदान है। दरअसल, रजनीकांत को बिग बी की कई सुपरहिट फिल्मों के रीमेक में देखा जा चुका है। आइए जानते हैं कौन सी हैं वो फिल्में।

#1

शंकर सलीम साइमन (अमर अकबर एंथनी)

1975 में रिलीज हुई फिल्म 'अमर अकबर एंथोनी' में अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर और विनोद खन्ना ने मुख्य किरदार निभाए थे। इसके बाद 1978 में तमिल भाषा में 'शंकर सलीम साइमन' नाम से इसका रीमेक बनाया गया। इसमें रजनीकांत ने अमिताभ वाली भूमिका निभाई। उनके अलावा फिल्म में विजय कुमार और जय गणेश भी अहम किरदारों में नजर आए। इसके अलावा 1980 में तेलुगू भाषा में भी 'राम रॉबर्ट रहीम' नाम से इसका रीमेक बना। रजनीकांत इसका भी हिस्सा बने।

#2

बिल्ला (डॉन)

1978 में रिलीज हुई अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म 'डॉन' को दर्शकों ने इतना पसंद किया किया कि बॉलीवुड में भी इसका रीमेक बनाया जा चुका है, जिसमें शाहरुख खान दिखे थे। इसके अलावा 1980 'बिल्ला' नाम से तमिल भाषा में इसका रीमेक बना था। इसमें रजनीकांत ने अमिताभ वाली भूमिका अदा की थी। इसके बाद 2007 में इसी नाम से 'डॉन' का एक और रीमेक बनाया गया था। इसमें सुपरस्टार प्रभास ने अहम भूमिका अदा की थी।

#3

थी (दीवार)

1975 में रिलीज हुई फिल्म 'दीवार' में अमिताभ बच्चन द्वारा बोले गए डायलॉग्स आज भी दर्शकों की जुबां से सुनने को मिल जाते हैं। फिल्म में शशि कपूर ने उनके छोटे भाई का किरदार निभाया था। इसके बाद 1981 में तमिल भाषा में भी इसका रीमेक बनाया गया। इसमें रजनीकांत को अमिताभ वाला किरदार निभाते हुए देखा गया था, जबकि अभिनेता सुमन ने उनके छोटे भाई यानी शशि कपूर वाली भूमिका निभाई थी।

#4

मावीरण (मर्द)

1985 में रिलीज हुई फिल्म मर्द में बोला गया अमिताभ का डायलॉग 'मर्द को दर्द नही होता' काफी मशहूर हुआ था। यह फिल्म दर्शकों के बीच काफी पसंद की गई थी। इसमें अमृता सिंह और दारा सिंह ने अहम भूमिका अदा की थी। इस फिल्म का रीमेक 1986 में 'मावीरण' नाम से रिलीज किया गया। फिल्म में हमेशा की तरह रजनीकांत ने ही बिग बी वाली किरदार निभाया। अभिनेत्री अंबिका, अमृता सिंह की जगह दिखीं थीं।

#5

पनक्कारण (लावारिस)

अमिताभ बच्चन की कई फिल्मों के रीमेक से सफलता पाने वाले रजनीकांत 1990 में उनकी 1981 में रिलीज हुई फिल्म 'लावारिस' के तमिल रीमेक में दिखे। इस फिल्म में भी उन्होंने बिग बी की जगह ली। हमेशा ही तरह उनकी इस फिल्म को भी सफलता मिली। रजनीकांत के साथ इस फिल्म में अभिनेत्री गौतमी ने भी अहम भूमिका निभाई, जबकि ऑरिजिनल फिल्म में जीनत अमान अमिताभ के साथ दिखी थीं।