'जेलर 2' के गाने 'अला बोलेलो' पर क्यों छिड़ा विवाद? लोग बोले- गायक तो सही रखो
क्या है खबर?
तमिल सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत अपनी आगामी फिल्म 'जेलर 2' को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, रिलीज होने से पहले उनकी यह फिल्म विवादों में आ गई है, जिसका कारण इसमें मौजूद एक गाना है। हाल ही में, निर्माताओं ने फिल्म में मौजूद 'अला बोलेलो' गाने का प्रोमो जारी किया था। इसमें कुछ मलयालम शब्द हैं, जिन्हें सुनकर लोग नाराज हो गए हैं। केरल के लोग फिल्म निर्माताओं पर मलयालम शब्दों के गलत उच्चारण का आरोप लगा रहे हैं।
आरोप
'अला बोलेलो' गाने को सुनकर भड़के उठे लोग
'अला बोलेलो' रजनीकांत और शमना कासिम पर फिल्माया गया है।
इसे अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया और गाया है। उनका साथ निरंजना रमन, अपर्णा हरिकुमार और दीप्ति सुरेश ने दिया है। इसके बोल अरुणराज कामराज द्वारा लिखे गए हैं।
गाने का प्रोमो देखकर लोगों ने इसके मलयालम उच्चारण, विशेषकर 'ला' पर नाराजगी जताई है।
उनका आरोप है कि गाने में उच्चारण प्रामाणिक नहीं लग रहा था। उनका कहना है कि कुछ मलयालम ध्वनियों का उच्चारण गलत हुआ प्रतीत होता है।
नसीहत
लोग बोले- ये मलयालम नहीं, बल्कि निरर्थक भाषा
एक यूजर ने नसीहत देते हुए लिखा, 'कोई ऐसे गीतकार और गायक को नियुक्त करें जो मलयालम जानता हो।'
दूसरे यूजर ने लिखा, 'मुझे नफरत है जब कोई प्रामाणिकता का प्रयास किए बिना अन्य भाषाओं को खराब तरीके से पेश करता है।'
कुछ लोगों ने आशंका जताई कि अनिरुद्ध वास्तव में मलयालम गाना गा रहे थे, या सिर्फ बेतुकी बातें कर रहे थे।
खैर, लोगों के आरोपों पर निर्माताओं की ओर से कोई प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है।