Page Loader
'मन की आवाज प्रतिज्ञा' के ठाकुर सज्जन सिंह का निधन, लंबे समय से थे बीमार
'प्रतिज्ञा..' के ठाकुर सज्जन सिंह का निधन, लंबे समय से थे बीमार

'मन की आवाज प्रतिज्ञा' के ठाकुर सज्जन सिंह का निधन, लंबे समय से थे बीमार

Aug 09, 2021
10:08 am

क्या है खबर?

धारावाहिक 'मन की आवाज प्रतिज्ञा' से घर-घर में मशहूर हुए अनुपम श्याम उर्फ ठाकुर सज्जन सिंह नहीं रहे। वह 63 साल के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिसके चलते उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन से टीवी और सिनेमा जगत में शोक की लहर है, वहीं, उनके प्रशंसकों को भी गहरा सदमा लगा है। आइए पूरी खबर जानते हैं।

दुखद

अशोक पंडित ने दी निधन की जानकारी

निर्माता अशोक पंडित ने अनुपम श्याम के निधन की जानकारी देते हुए एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'बहुत दुख हुआ ये जानकर कि दिग्गज एक्टर अनुपम श्याम का मल्टीपल ऑर्गन फेलियर होने से निधन हो गया है। ये फिल्म और टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नुकसान है। श्रद्धांजलि।' अनुपम किडनी समेत कई बीमारियों से ग्रस्त थे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक वह 'प्रतिज्ञा' के दूसरे सीजन की शूटिंग कर रहे थे और मुंबई के लाइफलाइन अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए अशोक पंडित का पोस्ट

शोक

मनोज बाजपेयी ने भी अनुपम श्याम को किया याद

अनुपम श्याम के निधन से भावुक मनोज बाजपेयी ने लिखा, 'आप एक एक्टर और एक इंसान के रूप में खूब पसंद किए गए। बहुत याद आओगे। दिल्ली और मुंबई में बिताए दिन भी याद आएंगे। जो जिया, अच्छा जिया मेरे दोस्त। प्रभु तुम्हारी आत्मा को शांति दें।' अभिनेता मनोज जोशी ने लिखा, 'अपने प्यारे दोस्त और इतने प्रतिभाशाली कलाकार के निधन से आहत हूं। हमने एक अनमोल रत्न खो दिया है। उनके परिवार और दोस्तों के साथ मेरी संवेदनाएं।'

ट्विटर पोस्ट

मनोज बाजपेयी का पोस्ट

चर्चा

बीते साल बिगड़ती सेहत को लेकर सुर्खियों में आए थे दिवंगत अभिनेता

पिछले साल लॉकडाउन के समय अनुपम श्याम अपनी बिगड़ती सेहत की वजह से चर्चा में आए थे। उस समय बॉलीवुड और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने उनकी मदद की थी। वह ICU में थे। घर में भी तंगी चल रही थी, जिसके चलते उन्होंने मदद की गुहार लगाई थी। इसी साल 'प्रतिज्ञा' के दूसरे सीजन के जरिए उन्होंने सेट पर वापसी की थी। शूट खत्म होने के बाद वह हफ्ते में तीन बार डायलिसिस के लिए जाते थे।

यादगार

इस धारावाहिक से बेहद लोकप्रिय हुए अनुपम श्याम

अनुपम श्याम की प्रसिद्ध फिल्मों में 'बैंडिट क्वीन', 'स्लमडॉग मिलेनियर', 'द वॉरियर', 'थ्रेड', 'शक्ति', 'हल्ला बोल', 'रक्तचरित' और 'जय गंगा' आदि शामिल हैं। इसके अलावा धारावाहिक 'मन की आवाज प्रतिज्ञा', 'कृष्णा चली लंदन' और 'डोली अरमानों की' में भी वह नजर आए थे। सबसे ज्यादा लोकप्रिय तो वह टीवी शो 'प्रतिज्ञा...' में ठाकुर सज्जन सिंह की भूमिका से हुए। उनके इस किरदार का लोगों पर ऐसा असर हुआ था कि वे उनकी नकल करने लग गए थे।