Page Loader
महाभारत पर बन रही 1,000 करोड़ की फिल्म से प्रोड्यूसर ने खींचे हाथ, क्या बनेगी फिल्म?

महाभारत पर बन रही 1,000 करोड़ की फिल्म से प्रोड्यूसर ने खींचे हाथ, क्या बनेगी फिल्म?

Apr 03, 2019
02:18 pm

क्या है खबर?

बिजनेसमैन बी आर शेट्टी ने मलयालम फिल्म 'रांडामूझम' के प्रोजेक्ट से खुद को अलग कर लिया है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद मंगलवार को दुबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी है। शेट्टी ने कहा कि डायरेक्टर श्रीकुमार मेनन और राइटर एम टी वासुदेवन के बीच नहीं सुलझ रहे झगड़े के बाद उन्होंने प्रोजेक्ट से अलग होने का फैसला किया है। शेट्टी, इस फिल्म को प्रोड्यूस करने वाले थे।

कहानी

अभी भी बनाएंगे फिल्म

शेट्टी ने कहा कि श्रीकुमार दी गई तय सीमा तक वासुदेवन के साथ अपने झगड़े को सुलझा पाने में असमर्थ रहे हैं। इसी वजह से उन्हें इस प्रोजेक्ट से अपने हाथ खींचने पड़े। उन्होंने आगे कहा कि वह अभी भी फिल्म बनाएंगे, इसके लिए वह एक सही स्क्रिप्ट राइटर की तलाश कर रहे हैं। फिल्म की कहानी महाभारत पर आधारित है, ऐसे में वह भारतीय इतिहास को सभी भाषाओं में बनाकर इसे दुनिया के सभी लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।

जानकारी

1,000 करोड़ रुपये के बजट में बननी थी फिल्म

साल 2016 में अभिनेता मोहनलाल ने बताया था कि फिल्म 'रांडामूझम' 1,000 करोड़ रुपये के बजट पर बनाई जाएगी। यह भारत में निर्मित सबसे मंहगी मोशन पिक्चर होगी। बता दें फिल्म में मोहनलाल भीम के किरदार में दिखने वाले थे।

फिल्म

दो भागों में बनने वाली थी फिल्म

'रांडामूझम' इसी नाम से एम टी वासुदेवन द्वारा लिखी नॉवेल की कहानी पर बनने वाली थी। फिल्म की शूटिंग सितंबर, 2018 से शुरू होनी थी। इस पौराणिक कहानी को दो भागों में बनाया जाना था जिसका पहला भाग साल 2020 में रिलीज़ होना था। फिल्म की शूटिंग अंग्रेजी, हिंदी, मलयालम, कन्नड़, तमिल और तेलुगू में होनी थी और इसके बाद इसे भारत की अन्य प्रमुख और मुख्य विदेशी भाषाओं में डब किया जाना था।

अभिनय

इन कलाकारों के अभिनय की थी चर्चा

कहा जा रहा था कि फिल्म में बॉलीवुड के अलावा हॉलीवुड स्टार्स भी अभिनय करते हुए दिखाई दे सकते हैं। अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय, ऋतिक रोशन, अजय देवगन, नागार्जुन, नाना पाटेकर, फरहान अख्तर, अनुपम खेर, कन्नड़ अभिनेता सुदीप, मनोज वाजपेयी, विद्या बालन, नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, पंकज कपूर, शरथ कुमार, प्रकाश राज, इरफान खान, आमिर खान और कमल हसन के नामों की चर्चा थी। फिल्म का म्यूजिक ए आर रहमान कंपोज करने वाले थे।

बजट

ये हैं सबसे मंहगे बजट वाली फिल्में

रजनीकांत अभिनीत '2.0' 450 करोड़ रुपये में बनाई गई थी। फिल्म ने दुनिया भर में अच्छा अभिनय किया था। प्रभास और श्रद्धा कपूर की फिल्म 'साहो' को 300 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। प्रभास की ही फिल्म 'बाहूबली 2' 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी। साल 2018 में आई 'पद्मावत' लगभग 215 करोड़ के बजट में बनी थी। फिल्म में दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर अहम भूमिका में थे।